‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर आयोजित समारोहों का नेतृत्व करेंगे प्रधानमंत्री: अर्जुन मुंडा
By भाषा | Updated: November 12, 2021 22:17 IST2021-11-12T22:17:48+5:302021-11-12T22:17:48+5:30

‘जनजातीय गौरव दिवस’ पर आयोजित समारोहों का नेतृत्व करेंगे प्रधानमंत्री: अर्जुन मुंडा
नयी दिल्ली, 12 नवंबर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 नवंबर को ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव’’ के तहत मनाए जाने वाले ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ समारोहों का नेतृत्व करेंगे।
15 नवम्बर को ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ के रूप में घोषित करने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हुए मुंडा ने कहा कि उन्होंने जनजातीय समुदाय में नया उत्साह और विश्वास का संचार किया है।
यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, ‘‘जनजातीय गौरव दिवस पर भोपाल में आयोजित एक वृहद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में दो लाख से अधिक जनजातीय समुदाय के लोग हिस्सा लेंगे। वह डिजिटल तरीके से रांची में बिरसा मुंडा स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन भी करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है जब उन जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए व्यापक पैमाने पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिन्होंने स्वाधीनता आंदोलन में योगदान दिया लेकिन उन्हें पहचान नहीं मिली।
मुंडा ने कहा कि प्रचीन काल से ही जनजातीय समुदाय के लोगों ने जम्मू एवं कश्मीर, मणिपुर और नगालैंड सहित देश के अन्य हिस्सों में सीमाओं की सुरक्षा की और देश की रक्षा में अतुलनीय योगदान दिया।
जनजातीय समुदाय के लोगों ने देश के स्वाधीनता आंदोलन में भी अहम भमिका निभाई। इस श्रृंखला में बिरसा मुंडा का नाम महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उनके जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया।
मुंडा ने कहा कि 15 से 22 नवंबर तक ‘‘आजादी के अमृत महोत्सव के तहत’’ देश भर के कई हिस्सों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।