108वीं इंडियन साइंस कांग्रेस में नोबल पुरस्कार विजेता अडा योनाथ और फ्रेजर स्टॉडार्ट करेंगे शिरकत
By फहीम ख़ान | Published: December 27, 2022 09:32 PM2022-12-27T21:32:47+5:302022-12-27T21:32:47+5:30
साइंस कांग्रेस का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा। इस दौरान वर्ष 2009 के नोबल पुरस्कार विजेता इजराइल के क्रिस्टलोग्राफर अडा ई. योनाथ और वर्ष 2016 के नोबल पुरस्कार विजेता ब्रिटिश रसायनशास्त्री सर फ्रेजर स्टॉडार्ट प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।

108वीं इंडियन साइंस कांग्रेस में नोबल पुरस्कार विजेता अडा योनाथ और फ्रेजर स्टॉडार्ट करेंगे शिरकत
नागपुर: महिला सशक्तिकरण सहित शाश्वत विकास के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी थीम पर आयोजित 108 वीं इंडियन साइंस कांग्रेस की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। साइंस कांग्रेस का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा। इस दौरान वर्ष 2009 के नोबल पुरस्कार विजेता इजराइल की क्रिस्टलोग्राफर अडा ई. योनाथ और वर्ष 2016 के नोबल पुरस्कार विजेता ब्रिटिश रसायनशास्त्री सर फ्रेजर स्टॉडार्ट प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
मंगलवार को राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. सुभाष चौधरी ने इस संबंध में जानकारी दी। इस समय प्रो वाइस चांसलर डॉ. संजय दुधे, साइंस कांग्रेस के स्थानीय सचिव डॉ. गोवर्धन खड़ेकर, जनसंचार विभाग के विभाग प्रमुख डॉ. मोईज हक उपस्थित थे।
उपकुलपति चौधरी ने बताया कि आगामी 3 से 7 जनवरी 2023 के दौरान 108 वीं इंडियन साइंस कांग्रेस का आयोजन शहर में किया जा रहा है। 49 वर्षों के बाद दूसरी बार नागपुर विवि को यह आयोजन करने का मौका मिला है। इस साइंस कांग्रेस में महिला विज्ञान कांग्रेस, किशोर विज्ञान कांग्रेस, किसान विज्ञान कांग्रेस, आदिवासी विज्ञान कांग्रेस, विज्ञान और समाज, साइंस कम्युनिकेटर्स मीट, विज्ञान प्रदर्शन (प्राइड ऑफ इंडिया), विज्ञान ज्योत के साथ विभिन्न व्याख्यान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।
नागपुर में होने जा रही यह इंडियन साइंस कांग्रेस 14 विभागों में बांटी गई है। इसके अंतर्गत व्याख्यान और शोधप्रबंध प्रस्तुत किए जाएंगे। उपकुलपति चौधरी ने जानकारी दी कि इस साइंस कांग्रेस में करीब 10,000 से 12,000 लोग उपस्थित रहेंगे. इनमें 100 से ज्यादा वक्ता, प्रख्यात विशेषज्ञ, 3,000 से ज्यादा पेपर प्रेजेंटेशन, 100 रिसोर्स पर्सन मार्गदर्शन करेंगे।
500 से ज्यादा आदिवासी प्रतिनिधि और करीब 1,000 किसान भी कार्यक्रम दौरान उपस्थित रहेंगे। किशोर विज्ञान कांग्रेस में करीब 500 प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे. इस साइंस कांग्रेस की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसके लिए विवि के मैदान में विशेष डोम बनाए गए हैं। साथ ही पंजीयन के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था भी की गई है।
नागपुर में पांचवीं बार आयोजन
आगामी 3 जनवरी से 7 जनवरी तक नागपुर विश्वविद्यालय में आयोजित की जा रही 108 वीं इंडियन साइंस कांग्रेस इससे पहले नागपुर में पांच मर्तबा आयोजित की जा चुकी है. वहीं नागपुर विश्वविद्यालय द्वारा इसके आयोजन का यह दूसरा मौका है। इससे पहले 1974 में नागपुर विवि ने इसका आयोजन किया था। उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इसका उद्घाटन किया था।