नगालैंड में बना इतिहास, विधानसभा में पहली बार पहुंचेंगी महिलाएं, एनडीपीपी की हेकानी जाखालू और क्रुसे ने दर्ज की जीत

By विनीत कुमार | Published: March 2, 2023 04:43 PM2023-03-02T16:43:41+5:302023-03-03T07:14:22+5:30

नगालैंड में कभी कोई महिला विधायक नहीं बनी थी। हालांकि, इस बार ये परंपरा टूट गई। इस बार के चुनाव में एक नहीं बल्कि दो-दो महिलाओं ने जीत हासिल की है। दोनों एनडीपीपी पार्टी से हैं।

Nagaland result 2023 ndpp Hekani Jakhalu and Salhoutuonuo Kruse wins, first two women to win assembly elections | नगालैंड में बना इतिहास, विधानसभा में पहली बार पहुंचेंगी महिलाएं, एनडीपीपी की हेकानी जाखालू और क्रुसे ने दर्ज की जीत

नगालैंड विधानसभा चुनाव में इस बार दो महिलाओं की जीत (फोटो- सोशल मीडिया)

Highlightsनगालैंड विधानसभा चुनाव में इस बार दो महिला उम्मीदवारों की जीत, दोनों एनडीपीपी पार्टी से हैं।हेकानी जाखालू ने दीमापुर-3 सीट से जीत दर्ज कर इतिहास रचा, पश्चिमी अंगामी सीट पर एनडीपीपी की सलहूतु क्रुसे विजयी।इस बार चार महिलाएं नगालैंड विधानसभा चुनाव में उतरी थीं, दो की हुई जीत।

कोहिमा: पूर्वोत्तर के राज्य नगालैंड में विधानसभा चुनाव के नतीजे नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) और भाजपा के गठबंधन के पक्ष में आए हैं। 60 विधानसभा सीटों वाले नगालैंड में बहुमत का आंकड़ा 31 है और ये गठबंधन इसे पार कर गया है। हालांकि, इससे इतर एक और बात हुई। इन नतीजों की बदौलत पहली बार नगालैंड की विधानसभा में महिला विधायक पहुंचेंगी। एनडीपीपी की दो महिला उम्मीदवारों की इन चुनाव में जीत हुई है।

हेकानी जाखालू और सलहूतु क्रुसे की जीत

भाजपा की सहयोगी NDPP की हेकानी जाखालू ने दीमापुर-3 सीट से जीत दर्ज कर इतिहास रचा। वहीं पश्चिमी अंगामी सीट पर एनडीपीपी की सलहूतु क्रुसे भी विजयी हुईं। जाखालू ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एजेटो झिमोमी को 1536 वोट से हराया। दिलचस्प बात ये है कि हेकानी जाखालू ने करीब 7 महीने पहले ही राजनीति में कदम रखा था।

दूसरी ओर क्रुसे ने स्वतंत्र उम्मीदवार निझाको नाखरो को महज 7 वोटों के अंतर से हराया। बता दें कि नगालैंड 1963 में राज्य बना था। हालांकि, करीब 60 साल के बाद भी राज्य में कोई महिला अभी तक विधायक नहीं बनी थी। इस बार ये परंपरा आखिरकार टूट गई। इस बार 60 विधानसभा सीटों वाले चुनाव के लिए 184 उम्मीदवार मैदान में थे और इनमें चार महिलाएं थी।

नगालैंड में राजनीति में महिलाओं की स्थिति

नगालैंड में महिलाएं राजनीति में बेहद कम सक्रिय है। इससे पहले तक प्रदेश में सिफ 20 महिलाओं ने ही विधानसभा चुनाव लड़ा था। साल 2018 में सबसे ज्यादा 5 महिलाएं चुनावी मैदान में उतरी थीं। जाखालू और क्रुसे के अलावा अन्य दो महिला उम्मीदवारों में तेनिंग सीट पर कांग्रेस की रोजी थॉम्पसन और अतोइजू सीट से भाजपा की काहुली सेमा ने दावेदारी पेश की थी।

नगालैंड से संसद पहुंची है अब तक दो महिलाएं

साल 1977 में रानो मेसे शाज़िया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के टिकट पर जीत हासिल कर लोकसभा सदस्य चुनी गई थीं। वह नगालैंड से संसद पहुंचने वाली पहली महिला थीं। उसके बाद, पिछले साल भाजपा ने नगालैंड से राज्यसभा सदस्य के रूप में एस. फांगनोन कोन्याक को नामित किया था, जिसके साथ ही नगालैंड से कोई दूसरी महिला संसद पहुंची। नगालैंड में लोकसभा और राज्यसभा की एक-एक सीट है।

Web Title: Nagaland result 2023 ndpp Hekani Jakhalu and Salhoutuonuo Kruse wins, first two women to win assembly elections

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे