गुजरात के मोरबी में पुल गिरने के हादसे में मरने वालों की संख्या 100 के पार हुई, अब भी कई लोग लापता

By विनीत कुमार | Published: October 31, 2022 07:05 AM2022-10-31T07:05:48+5:302022-10-31T07:15:30+5:30

गुजरात के मोरबी में रविवार शाम केबल पुल टूटने से हुए हादसे में मृतकों की संख्या 100 के पार हो गई है। कुछ अपुष्ट खबरों के अनुसार मृतकों की संख्या 130 से अधिक है। कई लोग अभी भी लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है।

Morbi bridge collapse incident, more than 100 people died and many people still missing | गुजरात के मोरबी में पुल गिरने के हादसे में मरने वालों की संख्या 100 के पार हुई, अब भी कई लोग लापता

मोरबी में पुल गिरने से 100 से ज्यादा लोगों की मौत (फोटो- एएनआई)

Highlightsगुजरात के मोरबी में माच्छू नदी पर बना केबल पुल टूटने से हुए हादसे में मृतकों की संख्या 100 के पार हुई।कुछ अपुष्ट खबरों के अनुसार मृतकों की संख्या 130 से भी अधिक है, अभी कई लोग लापता।अधिकारियों के अनुसार लगभग 177 लोगों को बचाया गया है, हताहतों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल।

अहमदाबाद: गुजरात के मोरबी शहर में रविवार की शाम माच्छू नदी पर बना केबल पुल टूटने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या 100 के पार चली गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार गुजरात सूचना विभाग ने बताया, सोमवार सुबह तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। लगभग 177 लोगों को बचाया गया है। 19 लोगों का इलाज चल रहा है। सेना, नौसेना, वायु सेना, एनडीआरएफ और दमकल विभाग तलाशी अभियान चला रहे हैं।'

चार दिन पहले फिर से खुला था पुल

हादसे में जान गंवाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह पुल करीब एक सदी पुराना था और मरम्मत और नवीनीकरण कार्य के बाद हाल ही में इसे जनता के लिए खोला गया था। अधिकारियों ने कहा कि जनता के लिए चार दिन पहले ही फिर से खोले गए इस पुल पर लोगों की काफी भीड़ थी। 

अधिकारियों के अनुसार पुल रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे टूट गया। अपुष्ट सूचनाओं के अनुसार हादसे में 130 से अधिक लोगों की जान गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि अंग्रेजों के समय के इस 'हैंगिंग ब्रिज' पर उस समय कई महिलाएं और बच्चे थे, जब वह टूट गया। इससे लोग नीचे पानी में गिर गए। 

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ लोगों को पुल पर कूदते और उसके बड़े तारों को खींचते हुए देखा गया। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि पुल उस पर लोगों की भारी भीड़ के कारण टूट कर गिर गया हो। उन्होंने बताया कि पुल गिरने के चलते लोग एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े। एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, 'मैं अपने कार्यालय समय के बाद दोस्तों के साथ नदी के किनारे आया था जब हमने पुल के टूटने की आवाज़ सुनी। हम वहां पहुंचे और लोगों को बचाने के लिए पानी में कूद गए। हमने कुछ बच्चों और महिलाओं को बचाया।' 

पर्यटकों की भारी भीड़ से टूटा पुल!

वहीं, घटना में घायल हुए एक व्यक्ति ने कहा कि दुर्घटना अचानक हुई और हो सकता है कि यह हादसा पुल पर बहुत अधिक लोगों के कारण हुआ हो। दीपावली की छुट्टी और रविवार होने के कारण प्रमुख पर्यटक आकर्षण पुल पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी हुई थी। एक निजी संचालक ने लगभग छह महीने तक पुल की मरम्मत का काम किया था। पुल को 26 अक्टूबर को गुजराती नववर्ष दिवस पर जनता के लिए फिर से खोला गया था। 

Web Title: Morbi bridge collapse incident, more than 100 people died and many people still missing

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे

टॅग्स :Gujaratगुजरात