दिल्ली के कुछ हिस्सों में छाया मध्यम कोहरा, न्यूनतम तापमान रहा चार डिग्री सेल्सियस

By भाषा | Published: December 23, 2020 10:59 AM2020-12-23T10:59:52+5:302020-12-23T10:59:52+5:30

Moderate fog in parts of Delhi, minimum temperature was four degrees Celsius | दिल्ली के कुछ हिस्सों में छाया मध्यम कोहरा, न्यूनतम तापमान रहा चार डिग्री सेल्सियस

दिल्ली के कुछ हिस्सों में छाया मध्यम कोहरा, न्यूनतम तापमान रहा चार डिग्री सेल्सियस

नयी दिल्ली, 23 दिसम्बर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में बुधवार सुबह शहर के कुछ हिस्सों में कोहरा छाने के साथ ही न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि ‘‘मध्यम’’ कोहरा छाने से सफदरजंग में दृश्यता 201 मीटर और पालम में 350 मीटर दर्ज की गई।

आईएमडी के अनुसार शून्य से 50 मीटर के बीच दृश्यता होने पर कोहरा ‘बेहद घना’ , 50 से 200 मीटर के बीच ‘घना’, 201 से 500 के मीटर के बीच ‘मध्यम’ और 501 से 1000 के बीच दृश्यता होने पर कोहरे को ‘हल्का’ माना जाता है।

आईएमडी के अनुसार सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम चार डिग्री सेल्सयस दर्ज किया गया। वहीं लोधी रोड मौसम केन्द्र में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों को प्रभावित करने के कारण सोमवार और मंगलवार को न्यूनतम तापमान मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।

आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘ पश्चिमी विक्षोभ लौट चुका है। इसलिए तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा रही है।’’

पश्चिमी विक्षोभ से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर की बर्फबारी हुई थी।

वहीं एक और पश्चिमी विक्षोभ 26 दिसम्बर से हिमालय के ऊंचाई वाले इलाकों को प्रभावित कर सकता है।

दिल्ली में अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने का भी पूर्वानुमान है। तापमान के शुक्रवार को तीन डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने का भी अनुमान है।

उसने कहा कि इस दौरान ‘‘ मध्यम से घना ’’ कोहरा छाने की संभावना है।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन भी तापमान तय मानदंडों के अनुसार रहता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है।

मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के अनुसार धीमी हवा की गति और कम प्रदूषकों का संचीयकरण हो रहा है, जिससे दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘‘खराब’’ श्रेणी में दर्ज की गई।

श्रीवास्तव ने कहा कि 26 दिसम्बर तक इसमें कोई बड़ा सुधार होने की संभावना नहीं है।

शहर का सुबह नौ बजे तक को औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 365 दर्ज किया गया। मंगलवार को 24 घंटे का औसतन एक्यूआई 418, सोमवार को 332 और रविवार का 321 था।

वहीं पड़ोसी शहर फरीदाबाद में एक्यूआई 414, गाजियाबाद में 486, ग्रेटर नोएडा में 485 और नोएडा में 471 दर्ज किया गया।

एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘सामान्य’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Moderate fog in parts of Delhi, minimum temperature was four degrees Celsius

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे