दिल्ली के तीनों नगर निगमों के लिए मेयर का चुनाव आज, बीजेपी की जीत तय
By निखिल वर्मा | Published: June 24, 2020 04:49 AM2020-06-24T04:49:10+5:302020-06-24T04:49:10+5:30
दिल्ली के तीनों नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी पिछले 13 वर्षों से काबिज है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तीनों नगर निगमों के लिए मेयर का चुनाव आज होगा। हालांकि, यह प्रक्रिया महज औपचारिकता भर ही है क्योंकि मेयर और डिप्टी मेयर के पदों पर बीजेपी उम्मीदवार निर्विरोध चुने जाने वाले हैं। शायद यह पहला मौका है जब तीनों नगर निगमों का चुनाव एक ही दिन हो रहा है। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि सभी सुरक्षा नियमों का पालन किया जाएगा। दिल्ली के तीनों नगर निगमों में बीजेपी पार्षदों का बहुमत है।
भाजपा ने जय प्रकाश को उत्तरी दिल्ली नगर निगम ((एनडीएमसी)) का महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है, जबकि रितु गोयल को उप-महापौर पद के लिए उतारा गया है। वहीं, पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) के महापौर पद के लिए निर्मल जैन के नाम की घोषण की गई है और हरिप्रकाश बहादुर का उप-महापौर पद का प्रत्याशी बनाया गया है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) महापौर पद के लिए अनामिका मिथलेश के नाम की घोषणा की गई है, जबकि सुभाष भड़ाना को उप-महापौर पद का प्रत्याशी बनाया गया है।
दिल्ली में तीनों नगर निगम मिलाकर 272 वार्ड है। दिल्ली नगर निगम चुनाव 2017 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 181 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं आम आदमी पार्टी को 48 और कांग्रेस को 30 सीट पर संतोष करना पड़ा था। दक्षिणी निगम की 103 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को 70, आप को 16 और कांग्रेस को 12 सीट हासिल हुई। वहीं पूर्वी निगम की 63 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को 47, आप को 11 और कांग्रेस की झोली में सिर्फ 3 सीट गई। वहीं, उत्तरी निगम की 104 सीटों में भाजपा को 64, आप को 21 और कांग्रेस को 15 सीट पर कामयाबी मिली थी।
दिल्ली नगर निगम चुनावों में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के तीन, समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय राष्ट्रीय लोकदल के एक-एक पार्षद जीते थे। इसके अलावा दिल्ली नगर निगम चुनाव में छह निर्दलीय पार्षद भी जीतकर आए पहुंचे। नगर निगम चुनाव में बीजेपी को 36 फीसदी मत, आम आदमी पार्टी के पास 26 फीसदी और कांग्रेस को 21 फीसदी मत मिले थे।