लाइव न्यूज़ :

आर्यन खान को जमानत मिलने पर कई फिल्मी हस्तियों ने खुशी जाहिर की

By भाषा | Updated: October 28, 2021 21:23 IST

Open in App

मुंबई, 28 अक्टूबर बंबई उच्च न्यायालय द्वारा फिल्म अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान को जमानत देने के फैसले का अभिनेत्री सोनम कपूर, फिल्म निर्माता राहुल ढोलकिया, सुधीर मिश्रा और अभिनेता आर. माधवन ने स्वागत किया। मुंबई के तट के पास एक क्रूज पोत से मादक पदार्थों को जब्त करने के सिलसिले में गिरफ्तारी के करीब 20 दिन बाद उसे जमानत दी गई है।

न्यायमूर्ति एन. वी. सांबरे की एकल पीठ ने सह आरोपी अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमीचा को भी जमानत दे दी।

सोनम ने इंस्टाग्राम पर गौरी खान और आर्यन की तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘‘अंतत:।’’ इस पोस्ट को अभिनेता संजय कपूर की पत्नी महीप कपूर ने साझा किया।

‘रईस’ फिल्म में शाहरूख खान के साथ काम करने वाले फिल्म निर्माता राहुल ढोलकिया ने ट्वीट किया, ‘‘अंतत: जमानत मिल गई। भगवान का शुक्रिया।’’

आगामी फिल्म ‘‘रॉकेटरी : द नांबी इफेक्ट’’ में शाहरूख खान के साथ अभिनय करने वाले अभिनेता आर. माधवन ने कहा कि एक अभिभावक के तौर पर वह फैसले से खुश हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भगवान को धन्यवाद। एक पिता के रूप में मैं काफी राहत महसूस कर रहा हूं... भगवान करे सबकुछ अच्छा हो।’’

शाहरूख खान की प्रबंधक पूजा डडलानी ने आदेश पर खुशी जाहिर की। स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने उन पर मामले में साक्ष्य से छेड़छाड़ करने एवं गवाहों को प्रभावित करने के आरोप लगाए हैं।

पूजा डडलानी ने लिखा, ‘‘भगवान हैं। प्यार एवं शुभकामनाओं के लिए सभी का धन्यवाद। सच्चाई की जीत हुई।’’

आदेश पारित होने के बाद सोनू सूद ने ट्वीट किया, ‘‘जब समय न्याय करता है तो गवाहों की जरूरत नहीं पड़ती।’’

फिल्म निर्माता संजय गुप्ता ने कहा कि वह ‘‘काफी खुश’’ हैं कि आर्यन खान को जमानत मिल गई है, लेकिन साथ-साथ वह न्यायपालिका से ‘‘निराश’’ भी हैं।

गुप्ता ने ट्वीट किया, ‘‘मैं काफी खुश हूं कि आर्यन खान को जमानत मिल गई है लेकिन व्यवस्था से निराश भी हूं जिसने एक लड़के को उस काम के लिए 25 से अधिक दिनों तक सलाखों के पीछे रखा, जो उसने किया ही नहीं था। इसे बदलना होगा।’’

अभिनेत्री श्रुति सेठ ने आर्यन खान की जमानत से जुड़ी एक खबर पर टिप्पणी करते हुए लिखा, ‘‘सदमे के तीन हफ्ते।’’

अभिनेत्री स्वरा भास्कर, फिल्म निर्माता सुधीर मिश्रा और गायक मिका ने भी खुशी जताई।

फिल्म अभिनेत्री और खान परिवार की दोस्त मलाइका अरोड़ा ने इंस्टाग्राम परव लिखा, ‘‘भगवान को शुक्रिया। केवल प्यार।’’

गायक मीका ने ट्वीट किया, ‘‘जमानत मिलने के लिए आर्यन खान और अन्य आरोपियों को बधाई। मैं काफी खुश हूं कि अंतत: जमानत मिल गई। भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं।’’

न्यायमूर्ति सांबरे ने कहा कि वह कल शाम तक विस्तृत आदेश पारित करेंगे।

23 वर्षीय खान की कानूनी टीम शुक्रवार तक उसकी रिहाई के लिए औपचारिकताओं को पूरा करने का प्रयास करेगी। वर्तमान में वह मध्य मुंबई के आर्थर रोड जेल में बंद है।

आर्यन खान, मर्चेंट और धमीचा को स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने तीन अक्टूबर को गिरफ्तार किया था और एनडीपीएस की संबंधित धाराओं में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेट2022 के बाद दूसरा मौका, एक सीजन में पहले 2 मैच में हार?, 6 बार पंजाब किंग्स के खिलाफ सीएसके ने बनाए 200 से अधिक रन

भारतवाराणसी का रोम-रोम हुआ रोमांचित, दर्शकों ने देखा कैसा था सम्राट विक्रमादित्य का सुशासन, देखें Photos

पूजा पाठPanchang 04 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

पूजा पाठRashifal 04 April 2026: कुंभ राशिवालों को अचानक धनलाभ मिलने की संभावना, जानें सभी राशियों का फल

विश्वअसल समस्या ट्रम्प हैं या दुनिया का दरोगा बनने की अमेरिकी मनोदशा?

भारत अधिक खबरें

भारतराष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टीः उत्तरार्द्ध में उत्तराधिकार के लिए संघर्ष

भारतदिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में महसूस हुए भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में आया भूकंप

भारतकेंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ग्रीनविच मीन टाईम को महाकाल स्टेंडर्ड टाईम में बदलने पर दिया जोर

भारतदलित समुदाय के 22 फीसदी वोट पर जमीन अखिलेश की निगाह , 14 अप्रैल पर अंबेडकर जयंती पर गांव-गांव में करेगी कार्यक्रम

भारतराघव चड्ढा पर आतिशी का बड़ा आरोप, 'BJP से डरते हैं, अगला कदम क्या होगा?'