लाइव न्यूज़ :

नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान घायल हुईं ममता बनर्जी, साजिश का आरोप लगाया

By भाषा | Updated: March 10, 2021 21:21 IST

Open in App

नंदीग्राम, 10 मार्च पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान ‘‘चार-पांच लोगों’’ द्वारा कथित रूप से धक्का दिये जाने की वजह से उनके एक पैर में चोट लगी है।

घटना शाम सवा छह बजे उस वक्त घटी जब बनर्जी रियापारा इलाके में एक मंदिर में प्रार्थना के बाद बिरूलिया जाने वाली थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी कार के बाहर खड़ी थी जिसका दरवाजा खुला था। मैं वहां से मंदिर में प्रार्थना कर रही थी। कुछ लोग मेरी कार के पास आए और दरवाजे को धक्का दिया। कार का दरवाजा मेरे पैर में लग गया।’’

बनर्जी ने आरोप लगाया कि जब वह कार में सवार हो रही थीं तो चार-पांच लोगों ने उन्हें धक्का दिया।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि चोट लगने की वजह से उनके पैर में सूजन आ गयी और उन्हें बुखार जैसा लग रहा है।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि घटना के समय मौके पर कोई स्थानीय पुलिस कर्मी मौजूद नहीं था।

बनर्जी को दर्द होने के कारण उनके सुरक्षाकर्मी एसयूवी की आगे की सीट से पीछे की सीट पर ले गए। जिस पैर में सूजन आयी थी उस पर एक सफेद कपड़ा भी लपेटा हुआ दिखा।

इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गये हैं क्योंकि मुख्यमंत्री को ‘जेड-प्लस’ स्तर की सुरक्षा प्राप्त है।

बनर्जी रात में नंदीग्राम में रूकने वाली थीं लेकिन घटना के बाद उन्हें कोलकाता ले जाया गया।

पूर्वी मेदिनीपुर जिले में नंदीग्राम से कोलकाता ले जाने के लिए ‘ग्रीन कॉरिडोर’ भी बनाया गया। इलाज के लिए उन्हें सरकारी एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया है।

बनर्जी पिछले दो दिन से पूर्ब मेदिनीपुर जिले में प्रचार कर रही थीं। उन्होंने बुधवार को ही हल्दिया में नामांकन पत्र दाखिल किया था।

तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने दावा किया कि हमला एक सोची समझी साजिश है जिसका मकसद मुख्यमंत्री को चुनाव प्रचार से दूर रखना है।

तृणमूल कांग्रेस के नेता सुब्रत मुखर्जी ने कहा, ‘‘कई लोग चाहते हैं कि वह (बनर्जी) प्रचार नहीं करें। वे उन्हें रास्ते से हटाना चाहते हैं। यही कारण है कि गुंडो ने उन पर हमला किया। लोग मुंहतोड़ जवाब देंगे।’’

नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को मुकाबले में उतारा है। अधिकारी पहले तृणमूल कांग्रेस में थे।

भाजपा ने आरोप लगाया कि बनर्जी ‘सामान्य घटना’ को ‘सुनियोजित साजिश’ बताने का प्रयास कर रही हैं। भाजपा ने मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘ऐसा हो सकता है कि वह दुर्घटना की शिकार हुई हों लेकिन यह दावा कि उनको साजिशन धक्का दिया गया, यह स्वीकार्य नहीं है। उनके साथ हर वक्त कई सारे सुरक्षाकर्मी रहते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सहानुभूति हासिल करने के लिए इस तरह के हथकंडे काम नहीं आएंगे। मुझे लगता है कि मामले की सीबीआई से जांच करानी चाहिए।’’

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सहानुभूति हासिल करने की इस तरह की तरकीब इस बार काम नहीं आएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘बनर्जी राज्य की पुलिस मंत्री हैं और अगर वह सुरक्षित नहीं हैं तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।’’

नंदीग्राम से माकपा उम्मीदवार मीनाक्षी मुखर्जी ने मुख्यमंत्री के जल्द ठीक होने की कामना की लेकिन कहा कि ‘लोग इस बार बेवकूफ नहीं बनेंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्राइम अलर्टबजरी से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, नीचे दबकर 3 मजदूरों की मौत और 2 घायल

कारोबारAgricultural Land Tax Rules: बिना टैक्स चुकाए कैसे बेचें अपनी कृषि भूमि? जानें टैक्स बचाने के कानूनी रास्ते

विश्वभारत-US संबंधों का नया अध्याय; मार्को रूबियो का भारत दौरा, क्वाड और क्रिटिकल मिनरल्स पर जोर

विश्वIran-Israel War: क्या इस्लामाबाद वार्ता बचा पाएगी शांति? लेबनान हमले और कीर स्टार्मर के खाड़ी दौरे से जुड़ी हर अपडेट, जानें यहां

भारतराज्यसभा सांसद के तौर पर आज शपथ लेंगे नीतीश कुमार, शामिल होंगे सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा; दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन

भारत अधिक खबरें

भारतWest Bengal Assembly Eelections 2026: AIMIM ने हुमायूं कबीर की पार्टी से तोड़ा गठबंधन, बंगाल में स्वतंत्र लड़ने का एलान

भारतआरएसएस-भाजपाः लगातार बढ़ते पेड़ पर अनगिनत फल लगे हैं?

भारतगुजरात की पार्षद ने BJP छोड़ी, कांग्रेस में शामिल हुईं, फिर कुछ ही घंटों में ही कर ली 'घर वापसी'

भारतAssembly Elections 2026: असम में 85.65% में मतदाताओं की भागीदारी, केरल में 78.24%, तो पुडुचेरी में 89.08% रही वोटिंग

भारतअपने जन्मदिन से पहले, अनंत अंबानी ने गुजरात के सालंगपुर मंदिर स्थित गौशाला को दान किए ₹10 करोड़