मध्य प्रदेश चुनाव: कांग्रेस ने झटक लिया बीजेपी का आइडिया, राहुल गांधी की टीम खुद को साबित करेगी बड़ा 'रामभक्त'

By लोकमत समाचार हिंदी ब्यूरो | Published: September 13, 2018 07:32 PM2018-09-13T19:32:02+5:302018-09-13T19:32:02+5:30

कांग्रेस की रामपथ गमन यात्रा में पार्टी के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह, कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे। मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान का कार्यकाल दिसंबर 2018 में पूरा हो रहा है।

Madhya Pradesh Assembly Election Congress announced rampath gaman yatra it was originally bjp uma bharti idea | मध्य प्रदेश चुनाव: कांग्रेस ने झटक लिया बीजेपी का आइडिया, राहुल गांधी की टीम खुद को साबित करेगी बड़ा 'रामभक्त'

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। (फाइल फोटो)

मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की आहट भाँपते हुए कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई को राम की याद आने लगी है। एमपी कांग्रेस ने 21 सितंबर से 'रामपथ गमन' यात्रा शुरू करने की घोषणा की है। इस यात्रा में मध्य प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता शामिल होंगे। हैरान करने वाली बात ये है कि रामपथ गमन का आइडिया कांग्रेस का नहीं मूलतः भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस की रामपथ गमन यात्रा में दिग्विजय सिंह, कमल नाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी और अजय सिंह जैसे नेता शामिल होंगे। यह यात्रा पाँच जिलों और 35 विधान सभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। 

कांग्रेस की रामपथ गमन यात्रा चित्रकूट की स्फटिक शिला से शुरू होगी। माना जाता है कि इस शिला पर राम और सीता ने विश्राम किया था। कांग्रेस की रामपथ यात्रा चित्रकूट से जबलपुर स्थित रामघाट के लिए निकलेगी। रास्ते में यात्रा गुप्त गोदावरी, सति अनुसइया मंदिर और सतना स्थित मैहर मंदिर से होकर जाएगी।

बीजेपी का है आइडिया कांग्रेस ने किया हाथ साफ

रिपोर्ट के अनुसार रामपथ गमन का आइडिया मूलतः बीजेपी का है। साल 2004 में बीजेपी नेता उमा भारती ने इस यात्रा का विचार पेश किया था। 

अक्टूबर 2007 में शिवराज सिंह चौहान सरकार ने रामपथ गमन यात्रा की घोषणा की थी। इस यात्रा में भगवान राम द्वारा वनवास के दौरान अपनाए गए मार्ग पर तीर्थाटन करने का विचार था। 

स्थानीय मान्यता है कि भगवान राम जिन स्थान से होकर गुजरे वो मध्य प्रदेश के सतना, पन्ना, शहडोल, जबलपुर और विदिशा जिले में स्थित हैं। 

टीओआई के अनुसार बीजेपी यह यात्रा पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल माधव दवे के नेतृत्व में निकालने वाली थी लेकिन दवे का मई 2017 में निधन हो गया जिसके बाद यह योजना अधर में लटक गयी।

कांग्रेस की रामपथ गमन योजना 19 दिनों तक चलेगी और राज्य के पाँच जिलों सतना, रीवा, पन्ना, छतरपुर और शहडोल से होकर  गुजरेगी। 

शिवराज चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा

हाल ही में मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के कई जिलों से होकर गुजरने वाली जनआशीर्वाद यात्रा निकाली थी। 

शिवराज सिंह चौहान नवंबर 2005 में राज्य के सीएम बने थे। दिसंबर, 2008 के मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनायी।

दिसंबर, 2013 में हुए विधान सभा चुनाव में भी शिवराज के नेतृत्व में बीजेपी ने पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनायी। 

कांग्रेस करीब डेढ़ दशकों से मध्य प्रदेश की सत्ता से बाहर है। राज्य में कांग्रेस के आखिरी मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह थे।

Web Title: Madhya Pradesh Assembly Election Congress announced rampath gaman yatra it was originally bjp uma bharti idea

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे