LAHAUL & SPITI-SUJANPUR Bypoll LIVE Updates: भाजपा में शामिल कांग्रेस विधायक को झटका, उपचुनाव में बुरी तरह से हारे
By सतीश कुमार सिंह | Updated: June 4, 2024 18:03 IST2024-06-04T16:01:16+5:302024-06-04T18:03:59+5:30
LAHAUL & SPITI-SUJANPUR Election Result 2024 Bypoll LIVE Updates: सुजानपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के दलबदलू राजिंदर राणा 2,440 मतों के अंतर से कैप्टन रणजीत सिंह से हार गए हैं।

file photo
LAHAUL & SPITI-SUJANPUR Election Result 2024 Bypoll LIVE Updates: हिमाचल प्रदेशउपचुनाव में भाजाप में शामिल कांग्रेस विधायक को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस उम्मीदवार अनुराधा राणा ने हिमाचल प्रदेश की लाहौल स्पीति विधानसभा सीट पर हुआ उपचुनाव 1,960 मतों के अंतर से जीता। सुजानपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के दलबदलू राजिंदर राणा 2,440 मतों के अंतर से कैप्टन रणजीत सिंह से हार गए हैं। सुजानपुर में रणजीत 29529 वोट मिले और भाजपा के राणा को 27089 वोट मिले। लाहौल स्पीति में अनुराधा राणा को 9414 वोट मिले हैं।
हिमाचल प्रदेश उपचुनाव में सुजानपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजिंदर राणा मंगलवार को अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के रंजीत सिंह से 2,440 मतों के अंतर से हार गए। निर्वाचन आयोग की तरफ से यह जानकारी दी गई। कांग्रेस से बगावत करने वाले उम्मीदवार राणा ने 2017 के विधानसभा चुनावों में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को हराया था।
उपचुनाव में उन्हें 27,089 मत मिले, जबकि सेवानिवृत्त कैप्टन सिंह को 29,529 वोट मिले। सुजानपुर विधानसभा उपचुनाव में 2022 के चुनाव की पुनरावृत्ति हुई, जिसमें दो पुराने प्रतिद्वंद्वी राणा और सिंह एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में थे, हालांकि इस बार उन्होंने अपनी पार्टियां बदल ली थीं। राणा हाल ही में भाजपा में शामिल हो गए, जबकि राणा को सुजानपुर उपचुनाव के लिए भाजपा का टिकट दिए जाने के बाद सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए। राणा ने 2022 में सिंह को 399 मतों के मामूली अंतर से हराया था। बाद में राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद कर दिया था।
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में 77,742 मतदाता हैं। एक जून को लोकसभा चुनाव के साथ हुए उपचुनाव में 63.76 प्रतिशत मतदान हुआ था। उपचुनाव एक जून को चार लोकसभा सीटों के साथ-साथ हुए थे। जिन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हुए, वे हैं सुजानपुर, धर्मशाला, लाहौल और स्पीति, बड़सर, गगरेट और कुटलैहड़।
बजट के दौरान कांग्रेस की राज्य सरकार के पक्ष में वोट देने के लिए व्हिप का उल्लंघन करने पर कांग्रेस के बागी विधायकों को अयोग्य ठहराए जाने के बाद छह विधानसभा सीटें खाली हुई थीं। छह बागी विधायकों ने 29 फरवरी को राज्यसभा चुनाव में भाजपा को वोट दिया था और बाद में भाजपा में शामिल हो गए और अब वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।