लोकसभा चुनावः पूर्व CM भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के सामने जेजेपी ने सोनीपत से दिग्विजय चौटाला को मैदान में उतारा
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: April 22, 2019 12:02 PM2019-04-22T12:02:56+5:302019-04-22T12:02:56+5:30
हरियाणा लोकसभा चुनावः चौटाला परिवार में फूट के कारण इनेलो से अलग हो कर बनीं जेजेपी हरियाणा में आप के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। हरियाणा में आप तीन और जेजेपी बाकी सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा से अपने तीन उम्मीदवारों के नामों की सोमवार (22 अप्रैल) को घोषणा की। पार्टी ने सोनीपत से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के खिलाफ दिग्विजय चौटाला को उतारा है। वहीं कुरुक्षेत्र से जय भगवान शर्मा और गुडगांव से महमूद खान को टिकट दिया गया है। चौटाला परिवार में फूट के कारण इनेलो से अलग हो कर बनीं जेजेपी हरियाणा में आप के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। हरियाणा में आप तीन और जेजेपी बाकी सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
वहीं, पिछले लोकसभा चुनावों में हिसार से इनेलो के टिकट पर जीते सांसद दुष्यंत चौटाला एक बार फिर इसी सीट से जेजेपी की टिकट पर किस्मत आजमा रहे हैं। दुष्यंत 16वीं लोकसभा में सबसे छोटी उम्र के सांसद हैं। हरियाणा में सभी 10 सीटों पर छठे चरण में 12 मई को मतदान होना है।
इसके अलावा हिसार से जहां दुष्यंत चौटाला ने ताल ठोकने का फैसला किया है, वहीं इनेलो को शिकस्त देने के लिए सिरसा से उन्होंने निर्मल सिंह मल्हड़ी को टिकट दिया है। दुष्यंत का हिसार में आईएएस की नौकरी छोड़कर राजनीति के मैदान में उतरे केंद्रीय इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह से मुकाबला है। भाजपा की टिकट पर वे पहला चुनाव लड़ रहे हैं।
सिरसा (सुरक्षित) सीट पर अभी इनेलो का कब्जा है। इनेलो ने एक बार फिर मौजूदा सांसद चरणजीत सिंह रोडी पर ही दांव लगाया है। मुकाबले के लिए जेजेपी की टिकट पर मैदान में उतरे निर्मल सिंह मल्हड़ी मजहबी सिख हैं और पंजाबी लोकगीतों पर आधारित 100 से ज्यादा कार्यक्र म कर चुके हैं।
भाजपा ने यहां आईआरएस की सेवा छोड़कर राजनीति में आई सुनीता दुग्गल को टिकट दिया है। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद धर्मबीर सिंह को इस बार संसद में पहुंचने के लिए दो युवा नेताओं से लोहा लेना पड़ेगा। उन्हें अमेरिका से पढ़ाई कर लौटी जेजेपी की स्वाती यादव और पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल की पोती कांग्रेस उम्मीदवार श्रुति चौधरी से जूझना होगा।
(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)