रांची: बेहद गर्मी ने उत्तर भारत में बुरा हाल कर दिया है। झारखंड सरकार ने बड़ा फैसला किया है। अधिकारी ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए झारखंड सरकार ने बुधवार तक राज्य के सभी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है। स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के अधिकारी ने कहा, "राज्य में जारी गर्मी की लहर के मद्देनजर राज्य के सभी स्कूल 14 जून तक बंद रहेंगे।"
भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची कार्यालय ने रविवार को राज्य के लिए 15 जून तक लू का अलर्ट जारी किया। इसने लोगों को दिन के समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बाहर जाने से बचने की सलाह दी। आईएमडी के मुताबिक, प्रदेश में अगले 4 से 5 दिनों में दिन के तापमान में किसी तरह के बदलाव की संभावना कम है।
देश के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। इससे पहले रविवार को आईएमडी के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने देश में मौजूदा गर्मी की स्थिति पर एक एडवाइजरी जारी की थी। वर्तमान में मुख्य हीट वेव जोन पूर्वी भारत है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में हीट वेव की स्थिति बनी हुई है।
इसके लिए आईएमडी ने इन क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना भी लू के प्रभाव में आ रहे हैं। उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना अगले 5 दिनों तक लू से प्रभावित रहेंगे।अधिकारी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी पड़ सकती है और तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक बढ़ सकता है।
इसके अलावा, ओडिशा, बिहार, झारखंड और ओडिशा अगले 2 से 3 दिनों तक लू से प्रभावित रहेंगे। रविवार के लिए ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जगहों पर इसकी तीव्रता कम है। इसलिए हमने येलो अलर्ट जारी किया है और इस क्षेत्र में 2 से 3 दिनों के भीतर बारिश की तीव्रता भी है, इसलिए अन्य स्थानों पर कुछ राहत की उम्मीद की जा सकती है।
दिल्ली में आने वाले कुछ दिनों में गर्मी बढ़ने की आशंका
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को बेहद गर्मी रहने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 53 प्रतिशत था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में तेज सतही हवाएं चलने और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान लगाया है।
आईएमडी के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली में गर्मी बढ़ने के साथ ही आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, आईएमडी के अनुसार कम से कम एक सप्ताह तक लू चलने के आसार नहीं हैं। ऐसी स्थिति कुछ इलाकों में उत्पन्न हो सकती है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाने के साथ ही अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।