भारतीय सेना ने तबाह किया पाकिस्तानी बेस, वीडियो जारी कर दिया प्रूफ
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: March 24, 2019 02:47 PM2019-03-24T14:47:15+5:302019-03-24T14:47:55+5:30
भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में चोरी से चल रहे पाकिस्तानी बेस को उड़ा दिया। भारतीय सेना पाक बेस को उड़ाए जाने का वीडियो जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में पाकिस्तानी सेना द्वारा चोरी-छिपे तैयार किए गए बेस को भारतीय सेना ने तबाह कर दिया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक भारतीय सेना ने धवस्त किए गए पाकिस्तानी बेस का एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में पाकिस्तान का झंडा भी दिखाई दे रहा है। बता दें कि पाकिस्तान की तरफ से किए जा रहे संघर्ष विराम उल्लंघन के चलते रविवार (24 मार्च) को एक भारतीय जवान शहीद हो गया।
पाकिस्तान ने पुंछ सेक्टर में सीज फायर तोड़ा था, जिसमें भारतीय जवान हरि वाकेर शनिवार देर रात पाकिस्तानी गोलीबारी की चपेट में आ गए थे। गंभीर रूप से घायल हरि को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान वह शहीद हो गए। भारतीय सेना के जवान हरि वाकेर मूल रूप से राजस्थान से थे।
#WATCH Indian Army video of Pakistani base destroyed in Indian firing in Akhnoor sector(J&K), Army sources say upside down Pakistan flag a signal for SOS (extreme danger/distress) pic.twitter.com/2srna7kS7P
— ANI (@ANI) March 24, 2019
रविवार करीब पौने बारह बजे पाकिस्तान की तरफ से जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में भी सीज फायर का उल्लंघन किया गया। पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम तोड़ने की नापाक हरकत में बीते चार दिनों में दो जवान शहीद हो चुके हैं।
पाकिस्तानी सेना की ओर से युद्ध विराम तोड़कर सीमा के पास भारतीय चौकियों और गांवों को निशाना बनाने की खबरें आ रही हैं। पाकिस्तानी सेना की तरफ से गोलीबारी की जा रही है और साथ में मोर्टार भी दागे जा रहे हैं, जिसका भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है।