जम्मू-कश्मीर: रामबन में विस्फोट और गोलियां चलने की आवाजें, व्यापक तलाश अभियान जारी
By भाषा | Published: September 28, 2019 12:29 PM2019-09-28T12:29:19+5:302019-09-28T12:29:19+5:30
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-डोडा मार्ग के नजदीक स्थिति एक गांव में विस्फोट और गोलियां चलने की आवाज सुने जाने के तुरंत बाद अभियान शुरू किया गया।
रामबन/जम्मू, 28 सितम्बर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में शुक्रवार को एक विस्फोट और कुछ गोलियां चलने की आवाज सुने जाने के बाद सुरक्षा बलों ने व्यापक खोज अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि सेना और पुलिस ने धार्मुंड गांव और उसके आसपास के इलाके की घेराबंदी की और तलाश अभियान अब भी जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-डोडा मार्ग के नजदीक स्थिति एक गांव में विस्फोट और गोलियां चलने की आवाज सुने जाने के तुरंत बाद अभियान शुरू किया गया। अपुष्ट खबरों के अनुसार संदिग्ध आतंकवादियों ने एक ग्रेनेड फेंका और उसके बाद सुरक्षा बलों के त्वरित कार्रवाई दल पर गोलियां चलाईं।
इस दल ने कुछ लोगों को जांच के लिए रुकने का इशारा किया था। बहरहाल, वरिष्ठ अधिकारी घटना के बारे में चुप्पी साधे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अतिरिक्त बल भी भेजा गया है।