Air India: वेजिटेरियन जैन यात्री को नॉनवेज खाना परोसने पर हुआ बवाल, विवाद के बाद एयरलाइन ने लिया यह एक्शन
By आजाद खान | Published: April 1, 2022 12:57 PM2022-04-01T12:57:58+5:302022-04-01T13:52:05+5:30
बताया जा रहा है कि यात्री ने इस घटना का वीडियो भी बनाया था जिसे दबाव के कारण डिलीट करना पड़ा था।
नई दिल्ली: एअर इंडिया के विमान में शाकाहारी यात्री को मांसाहारी भोजन परोसने का मामला सामने आया है। इस आरोप में चालक दल के दो सदस्यों के उड़ान में जाने पर रोक लगा दी है। सरकारी अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि यह भोजन एक जैन यात्री को परोसा गया था जो मांसाहारी खाना नहीं खाते हैं। उनके धर्म में मांस वाले खाने को खाना मना किया गया है और इसे पाप माना जाता है। गौरतलब है कि यात्री ने इस घटना का वीडियो भी बनाया था जिसे दबाव में आकर उसे डिलीट करना पड़ा था। अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
अधिकारियों के मुताबिक 25 मार्च को तोक्यो से दिल्ली आ रहे विमान में जैन धर्म के अनुयायी एक यात्री ने स्वयं के लिए शाकाहारी भोजन परोसने को कहा था, लेकिन चालक दल के दो सदस्यों ने गलती से उस यात्री को मांसाहारी भोजन परोस दिया। अधिकारियों ने कहा कि जब यात्री को पता चला कि उसे गलत भोजन परोसा गया है, तो उसने चालक दल के सदस्यों से शिकायत की। एयरलाइन ने चालक दल के दो सदस्यों के उड़ान में जाने पर रोक लगा दी है और इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
वीडियो डिलीट करने का बनाया गया दबाव
जानकारी के मुताबिक, यात्री ने इस घटना का वीडियो भी बनाया था जिसे चालक दल के यात्रियों ने दबाव डाल कर डिलीट करवा दिया गया था। यही नहीं यह भी जानकारी निकल कर सामने आ रही है कि यात्री के पूछे जाने के बावजूद भी उसे नहीं बताया गया है कि उसे मांसाहारी खाना परोसा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यात्री के खाने में मछली की गंध मिलने पर उसे शक हुआ जिसके बाद शिकायत की गई थी।