Sonamarg: 2026 की पहली तिमाही में सोनमर्ग में पर्यटकों की संख्या 2 लाख के करीब, पहलगाम में एक साल में आने वालों का आंकड़ा 10 लाख के पार
By सुरेश एस डुग्गर | Updated: April 24, 2026 09:35 IST2026-04-24T09:33:35+5:302026-04-24T09:35:59+5:30
Sonamarg: मई 2025 में, पहलगाम आने वाले पर्यटकों की संख्या केवल 15,302 थी—जो इस दौरान दर्ज किया गया सबसे कम मासिक आंकड़ा था। हालांकि, इसके बाद के महीनों में पर्यटकों की आमद में लगातार बढ़ोतरी हुई।

Sonamarg: 2026 की पहली तिमाही में सोनमर्ग में पर्यटकों की संख्या 2 लाख के करीब, पहलगाम में एक साल में आने वालों का आंकड़ा 10 लाख के पार
Sonamarg: यह पाकिस्तान परस्त उन तत्वों के मुंह पर तमाचे के समान है जिन्होंने पहलगाम के बैसरन में एक साल पहले 26 मासूम पर्यटकों की हत्या कर कश्मीर आने वालों को डराने की कोशिश की थी। पर वे इसमें कामयाब नहीं हो पाए। कश्मीर आने वाले पर्यटकों की संख्या इसकी गवाह है। अगर आंकड़ों पर विश्वास करें तो, सोनमर्ग के मशहूर हेल्थ रिजार्ट में वर्ष 2026 की पहली तिमाही के दौरान पर्यटकों की भारी आमद दर्ज की गई। जनवरी से मार्च के बीच कुल 1,98,425 घरेलू, विदेशी और स्थानीय पर्यटकों ने इस खूबसूरत जगह का दीदार किया।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में सबसे अधिक पर्यटक आए। डाटा के अनुसार, 1 से 31 जनवरी के बीच 98,216 पर्यटकों ने सोनमर्ग का दौरा किया। इनमें से 86,523 भारत के अलग-अलग राज्यों से आए घरेलू पर्यटक थे, 1,379 विदेशी नागरिक थे और 10,314 स्थानीय पर्यटक थे।
जबकि फरवरी में, इस रिजार्ट में 61,128 पर्यटक आए। इनमें 48,594 घरेलू यात्री, 1,633 विदेशी पर्यटक और 10,901 स्थानीय पर्यटक शामिल थे। मार्च में, कुल 39,081 पर्यटकों ने सोनमर्ग का दौरा किया।
हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि इस महीने के लिए पर्यटकों की श्रेणी-वार विस्तृत जानकारी या तो अधूरी है या फिर उसमें विसंगतियां हैं।
सिर्फ सोनमर्ग ही नहीं बल्कि पहलगाम में आने वाले भी एक नया रिकार्ड बना रहे हैं। पिछले साल हुए आतंकी हमले के बाद हालात सामान्य होने पर, पिछले एक साल में पहलगाम में पर्यटकों की आमद में लगातार सुधार देखने को मिला है।
आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि अप्रैल 2025 से अब तक इस खूबसूरत पर्यटन स्थल पर लगभग 10 लाख पर्यटक आ चुके हैं। जम्मू कश्मीर पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 से अप्रैल 2026 के बीच कुल 9,93,596 पर्यटकों ने पहलगाम का दौरा किया।
22 अप्रैल के हमले के तुरंत बाद पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट आई थी; इस हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय युवक, आदिल हुसैन शाह की जान चली गई थी। मई 2025 में, पहलगाम आने वाले पर्यटकों की संख्या केवल 15,302 थी—जो इस दौरान दर्ज किया गया सबसे कम मासिक आंकड़ा था। हालांकि, इसके बाद के महीनों में पर्यटकों की आमद में लगातार बढ़ोतरी हुई।
महीने के हिसाब से पर्यटकों की संख्या (अप्रैल 2025 – अप्रैल 2026): अप्रैल 2025: 2,04,289; मई 2025: 15,302; जून 2025: 1,08,117; जुलाई 2025: 32,163; अगस्त 2025: 93,366; सितंबर 2025: 48,919; अक्टूबर 2025: 50,777; नवंबर 2025: 35,263; दिसंबर 2025: 68,919; जनवरी 2026: 80,421; फरवरी 2026: 67,471; मार्च 2026: 85,741; और अप्रैल 2026 (अब तक): 1,02,848 रही।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल हुए आतंकी हमले के बाद 9,638 विदेशी पर्यटकों ने भी पहलगाम का दौरा किया। ये विज़िटर यूएई, थाईलैंड, सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों से आए थे।
2023 से अप्रैल 2026 तक कुल 40,60,909 टूरिस्ट पहलगाम आए। इनमें से 14,54,269 टूरिस्ट 2023 में, 12,65,925 टूरिस्ट 2024 में, 10,04,234 टूरिस्ट 2025 में और 3,36,481 टूरिस्ट 2026 में (20 अप्रैल तक) आए। विदेशी टूरिस्टों की बात करें तो 2023 में 15,061, 2024 में 14,483, 2025 में 9,090 और अप्रैल 2026 तक 4,486 टूरिस्ट आए।