बिहार के नवादा जिले में भेड़ों के झुंड पर आवारा कुत्तों ने कर दिया हमला, 50 भेड़ों की हुई मौत, 13 गंभीर रूप से घायल
By एस पी सिन्हा | Updated: May 6, 2026 16:36 IST2026-05-06T16:35:57+5:302026-05-06T16:36:04+5:30
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीजूबीघा गांव में मंगलवार देर रात कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर हमला कर दिया। जिससे 50 से अधिक भेड़ों की मौत हो गई, जबकि करीब 13 भेड़ें घायल हो गईं।

बिहार के नवादा जिले में भेड़ों के झुंड पर आवारा कुत्तों ने कर दिया हमला, 50 भेड़ों की हुई मौत, 13 गंभीर रूप से घायल
पटना: बिहार में नवादा जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां भेड़ों के झुंड पर आवारा कुत्तों के द्वारा हमला किए जाने से कुल 50 भेड़ों की मौत हो गई है। जबकि 13 भेड़ गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीजूबीघा गांव में मंगलवार देर रात कुत्तों के झुंड ने भेड़ों पर हमला कर दिया। जिससे 50 से अधिक भेड़ों की मौत हो गई, जबकि करीब 13 भेड़ें घायल हो गईं। घायल भेड़ों का उपचार कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बीजूबीघा निवासी मनु पाल 85 भेड़ पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने अपनी भेड़ों को गांव स्थित एक अहाते में बांध रखा था।
मंगलवार रात अचानक आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंच गया और भेड़ों पर टूट पड़ा। कुत्तों ने कई भेड़ों को शरीर के विभिन्न हिस्सों में बुरी तरह काट लिया। भेड़ों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। बुधवार को सुबह होने पर बड़ी संख्या में भेड़ों के मृत मिलने से भेड़पालक के परिवार में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मेसकौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना से भेड़ पालक मनु पाल को गहरा आर्थिक आघात लगा है। मनु पाल ने कहा कि भेड़ पालन ही उनकी आय का मुख्य साधन है और इतने बड़े नुकसान से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में उसने प्रशासन से आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा क्षेत्र में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान की मांग की है।