बिहार के अररिया जिले में एकतरफा इश्क में पागल युवक ने अपनी ही पड़ोस की नाबालिग प्रेमिका की गोली मारकर की हत्या
By एस पी सिन्हा | Updated: May 8, 2026 18:05 IST2026-05-08T18:03:05+5:302026-05-08T18:05:57+5:30
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि आरोपी वारदात के बाद से फरार है। मृतका की पहचान घोड़ाघाट वार्ड संख्या-1 निवासी मो. ग्यास की 17 वर्षीय पुत्री चांदनी खातून के रूप में हुई है।

बिहार के अररिया जिले में एकतरफा इश्क में पागल युवक ने अपनी ही पड़ोस की नाबालिग प्रेमिका की गोली मारकर की हत्या
पटना:बिहार में अररिया जिले के सदर थाना इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एकतरफा इश्क में पागल युवक ने अपनी ही पड़ोस की नाबालिग प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। दरअसल, युवती की निकाह तय होने से आरोपी बौखला गया था। इसी गुस्से में उसने घर में घुसकर युवती के सीने में गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि आरोपी वारदात के बाद से फरार है। मृतका की पहचान घोड़ाघाट वार्ड संख्या-1 निवासी मो. ग्यास की 17 वर्षीय पुत्री चांदनी खातून के रूप में हुई है।
परिजनों के मुताबिक बकरीद के बाद उसकी निकाह होने वाली थी और घर में निकाह की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि एकतरफा प्यार की सनक इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी कासिम उर्फ नन्ना मृतका के घर के ठीक सामने रहता है। वह काफी समय से चांदनी को पसंद करता था, लेकिन लड़की और उसके परिवार की ओर से उसे कोई जवाब नहीं मिला। इसी बीच जब उसे चांदनी की निकाह तय होने की जानकारी मिली तो वह बुरी तरह बौखला गया।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन चांदनी अपनी छोटी बहन फरहीन के साथ चाय पीने के बाद घर में आराम कर रही थी। तभी आरोपी कासिम घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। घर में घुसते ही उसने बिना कुछ बोले चांदनी के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार वाले दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। घटना के बाद परिजन गंभीर हालत में चांदनी को अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां आशियाना खातून का रो-रोकर बुरा हाल है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी काफी समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हालांकि इस दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही भी सामने आई। गोली लगने के कारण पोस्टमार्टम से पहले एक्स-रे जरूरी था, लेकिन अररिया सदर अस्पताल की मशीन खराब निकली।
इसके बाद शव को फारबिसगंज भेजा गया, वहां भी एक्स-रे सेवा बंद मिली। आखिरकार रानीगंज रेफरल अस्पताल में एक्स-रे कराया जा सका। एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और एकतरफा प्यार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।