असम-मिजोरम सीमा पर हिंसा की जिम्मेदारी लें गृह मंत्री, घटना की जांच हो: कांग्रेस

By भाषा | Published: July 27, 2021 01:09 PM2021-07-27T13:09:40+5:302021-07-27T13:09:40+5:30

Home Minister should take responsibility for violence on Assam-Mizoram border, probe should be done: Congress | असम-मिजोरम सीमा पर हिंसा की जिम्मेदारी लें गृह मंत्री, घटना की जांच हो: कांग्रेस

असम-मिजोरम सीमा पर हिंसा की जिम्मेदारी लें गृह मंत्री, घटना की जांच हो: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 27 जुलाई कांग्रेस ने असम-मिजोरम सीमा पर हुई हिंसा को लेकर मंगलवार को कहा कि ‘युद्ध जैसी स्थिति’ के लिए गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए और इस पूरी घटना की जांच होनी चाहिए।

लोकसभा में पार्टी के उप नेता गौरव गोगोई ने यह भी कहा कि जल्द ही कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मौके पर जाएगा।

गोगोई ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘असम-मिजोरम सीमा पर हुई हिंसा में छह पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और बहुत सारे पुलिस अधिकारी एवं आम लोग घायल हुए हैं। यह स्थिति अचानक से नहीं पैदा हुई। इसका एक इतिहास है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उस स्थान पर कई महीनों से लोगों और पुलिस के बीच छोटी-छोटी घटनाएं हो रही थीं। हमें उम्मीद थी कि गृह मंत्री अमित शाह जी के पूर्वोत्तर दौरे पर एक विकल्प निकलेगा। लेकिन सिर्फ तस्वीरें खींची गई। उनके दौरे के दो दिन बाद वहां बड़ी हिंसा हुई।’’

गोगोई ने इस बात पर जोर दिया, ‘‘हम जांच की मांग करते हैं। मैंने कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया।’’

कांग्रेस सांसद प्रद्युत बारदोलोई ने कहा, ‘‘वहां युद्ध जैसी स्थिति है। हम इसकी जांच की मांग करते हैं। हम मांग करते हैं कि इस मामले का सम्मानजक समाधान होना चाहिए। हम यह मांग भी करते हैं कि केंद्र सरकार दखल दे और संघर्ष समाधान करे।’’

कांग्रेस सांसद अब्दुल खालिक ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा को इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘यह केंद्र सरकार की विफलता है और असम सरकार की विफलता है। असम के मुख्यमंत्री अगर शासन पर ध्यान देते तो यह घटना नहीं होती। सरमा को नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।’’

गोगोई ने कहा कि गृह मंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और इस घटना की जांच होनी चाहिए।

गौरतलब है कि असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के अचानक बढ़ने के दौरान हुई हिंसक झड़प में असम पुलिस के छह जवानों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए। दोनों पक्षों ने हिंसा के लिए एक-दूसरे की पुलिस को जिम्मेदार ठहराया और केंद्र के दखल की मांग की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की और उनसे विवादित सीमा पर शांति बहाल करने कहा है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Home Minister should take responsibility for violence on Assam-Mizoram border, probe should be done: Congress

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे