हिमाचल प्रदेश: सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ली सीएम पद की शपथ, मुकेश अग्निहोत्री उप-मुख्यमंत्री, कहा- पुरानी पेंशन योजना करेंगे बहाल

By विनीत कुमार | Published: December 11, 2022 02:25 PM2022-12-11T14:25:51+5:302022-12-11T14:34:41+5:30

सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शिमला के ऐतिहासिक रिज में शपथ ग्रहण किया।

Himachal Pradesh: Sukhwinder Singh Sukhu takes oath as CM, Mukesh Agnihotri Deputy Chief Minister | हिमाचल प्रदेश: सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ली सीएम पद की शपथ, मुकेश अग्निहोत्री उप-मुख्यमंत्री, कहा- पुरानी पेंशन योजना करेंगे बहाल

सुखविंदर सिंह सुक्खू बने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री (फोटो- एएनआई)

Highlightsसुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री, राज्यपाल ने दिलाई शपथ।पार्टी नेता मुकेश अग्निहोत्री ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जैसे बड़े नेता शपथ ग्रहण के दौरान मौजूद रहे, बाद में होगा कैबिनेट विस्तार।

शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। पार्टी नेता मुकेश अग्निहोत्री ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शिमला के ऐतिहासिक रिज में शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। 


राज्य में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट मंत्रियों की अधिकतम संख्या 12 हो सकती है। कैबिनेट का बाद में विस्तार किया जाएगा। शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा- 'हम पहली कैबिनेट बैठक में जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करेंगे। पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी...पहले लोग कहते थे कि कांग्रेस किसी भी राज्य में सत्ता में नहीं आएगी, लेकिन आज हमने बीजेपी का 'रथ' रोक कर दिया है।'


केंद्रीय पर्यवेक्षकों-छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार शाम को विधायक दल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद के लिए क्रमश: पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख रहे सुक्खू (58) और विपक्ष के नेता रहे अग्निहोत्री (60) के नामों की घोषणा की थी। 

बाद में, नामित मुख्यमंत्री सुक्खू ने राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर हिमाचल प्रदेश में नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। उनके साथ हिमाचल प्रदेश में पार्टी के प्रभारी राजीव शुक्ला और कांग्रेस की राज्य इकाई की प्रमुख प्रतिभा सिंह भी राज्यपाल के पास गई थीं। 

राज्यपाल को हिमाचल प्रदेश में नयी सरकार के गठन का दावा करने के लिए एक औपचारिक पत्र सौंपा गया। प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने मुख्यमंत्री के रूप में सुक्खू के चयन को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया था। बाद में सिंह ने कहा कि वह पार्टी आलाकमान का फैसला स्वीकार करती हैं। 

सुक्खू निचले हिमाचल इलाके के पहले कांग्रेस नेता हैं, जो मुख्यमंत्री बन रहे हैं। वह प्रेम कुमार धूमल के बाद हमीरपुर जिले के दूसरे ऐसे नेता हैं, जो मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगे। कांग्रेस ने हिमाचल विधानसभा चुनाव में कुल 68 में से 40 सीट जीतकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर कर दिया है। मतदान 12 नवंबर को हुआ था और नतीजे गुरुवार को घोषित किए गए थे।

Web Title: Himachal Pradesh: Sukhwinder Singh Sukhu takes oath as CM, Mukesh Agnihotri Deputy Chief Minister

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे