गुजरात: उम्रकैद की सजा सुनते हुए बौखला गया, जज पर फेंक दी चप्पल, पांच वर्षीय बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या कर दी थी
By विशाल कुमार | Published: December 29, 2021 03:57 PM2021-12-29T15:57:29+5:302021-12-29T15:59:37+5:30
विशेष पोक्सो जज पीएस काला की अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद, दोषी सुजीत साकेत गुस्से में आ गया और न्यायाधीश की ओर अपनी चप्पल फेंक दी। चप्पल निशाने से चूक गया और विटनेस बॉक्स के पास जा गिरा।
सूरत: सूरत की एक अदालत ने इस साल अप्रैल में पांच साल की बच्ची से बलात्कार और हत्या के एक मामले में 27 वर्षीय एक व्यक्ति को उसके शेष प्राकृतिक जीवन के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
विशेष पोक्सो जज पीएस काला की अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद, दोषी सुजीत साकेत गुस्से में आ गया और न्यायाधीश की ओर अपनी चप्पल फेंक दी। चप्पल निशाने से चूक गया और विटनेस बॉक्स के पास जा गिरा।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, मध्य प्रदेश के रहने वाले दोषी ने 30 अप्रैल को बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी थी।पीड़िता एक प्रवासी मजदूर की बेटी थी।
बच्ची को अकेला पाकर दोषी ने चॉकलेट दिलाने के बहाने उसका अपहरण कर लिया था।
अभियोजन पक्ष ने कहा कि वह लड़की को एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने अपराध किया और उसका गला घोंट दिया। इसके बाद व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अदालत ने अभियोजन पक्ष द्वारा पेश 26 गवाहों के बयानों पर विचार किया। अदालत ने आदेश सुनाने से पहले 53 दस्तावेजी साक्ष्यों पर भी विचार किया।