Ganeshotsav 2022: मुंबई के इस गणेशोत्सव मंडल ने लिया सबसे बड़ा बीमा कवर, राशि जानकर हो जाएंगे हैरान

By विनीत कुमार | Published: August 23, 2022 10:12 AM2022-08-23T10:12:34+5:302022-08-23T10:18:34+5:30

महाराष्ट्र और खासकर इसकी राजधानी मुंबई में गणेश उत्सव को लेकर उत्साह नजर आने लगा है। कई बड़े गणेशोत्सव मंडल इस त्योहार की तैयारी में जुटे हैं। गणेशोत्सव मंडल जीएसबी सेवा मंडल ने इस बार पांच दिनों के लिए 316 करोड़ का बीमा कराया है।

Ganesh Mahotsav 2022: Mumbai GSB Ganeshotsav mandal takes record Rs 316 crore insurance policy cover | Ganeshotsav 2022: मुंबई के इस गणेशोत्सव मंडल ने लिया सबसे बड़ा बीमा कवर, राशि जानकर हो जाएंगे हैरान

जीएसबी गणेशोत्सव मंडल ने लिया 316.4 करोड़ का बीमा (फाइल फोटो)

Highlightsगणेशोत्सव मंडल जीएसबी सेवा मंडल, किंग्स सर्कल ने पांच दिनों लिए 316 करोड़ का बीमा कराया है।जीएसबी सेवा मंडल को मुंबई का सबसे अमीर गणेशोत्सव मंडल बताया जाता है, 2016 में भी 300 करोड़ का लिया था बीमा।मुंबई के सबसे ज्यादा लोकप्रिय मंडल लालबागचा राजा ने 25.6 करोड़ रुपये का बीमा लिया है।

मुंबई: गणेशोत्सव की तैयारी महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में जोरो पर है। कोविड महामारी की वजह से दो साल के प्रतिबंध के बाद एक बार फिर गणेश चतुर्थी की रौनक राज्य में नजर आ रही है। मुंबई के सबसे अमीर माने जाने वाले गणेशोत्सव मंडल जीएसबी सेवा मंडल, किंग्स सर्कल ने इस बार अपने पांच दिनों के कार्यक्रम के लिए रिकॉर्ड 316.4 करोड़ की इंस्योरेंश पॉलिसी ली है। न्यू इंडिया एस्योरेंस कंपनी इसकी बीमाकर्ता है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार जीएसबी ने इससे पहले 2016 में भी 300 करोड़ रुपये का बीमा लिया था। इस साल मंडल के अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया कि क्या उनके सोने के भंडार के मूल्य के कारण राशि में वृद्धि हुई है, या बीमा में पहले से अधिक वस्तुओं या कीमती सामानों को कवर किया गया है। 

बता दें कि इस मंडल के महागणपति को लगभग 66 किग्रा सोने के गहनों और 295 किग्रा से अधिक चांदी और अन्य कीमती वस्तुओं से सजाया जा रहा है। मंडल ने इस बड़े बीमा के लिए प्रीमियम राशि का खुलासा करने से इनकार किया है।

आयोजकों ने बताया, '316.40 करोड़ रुपये के बीमा में कई तरह के जोखिमों को कवर किया जा रहा है। इसमें से 31.97 करोड़ रुपये में मूर्ति को सजाने वाले सोने, चांदी और आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा 263 करोड़ रुपये की सबसे बड़ी राशि मंडल के लिए काम कर रहे स्वयंसेवकों, पुजारियों रसोइया, फुटवियर स्टॉल के कर्मचारी, पार्किंग कर्मी और सुरक्षा गार्ड के किसी दुर्घटना का शिकार होने पर बतौर कवर शामिल है।

एक प्रवक्ता ने कहा, '1 करोड़ रुपये आग और भूकंप आदि से नुकसान होने वाले सामान जैसे फर्नीचर, अन्य फिटिंग, कंप्यूटर, सीसीटीवी कैमरे, स्कैनर, बर्तन, फल और सब्जियां आदि के लिए हैं।' जीएसबी किंग्स सर्कल 29 अगस्त को 'विराट दर्शन' समारोह में अपने गणपति के पहले लुक को प्रदर्शित करेगा।

दूसरे गणेशोत्सव मंडल ने लिया कितने का बीमा? 

मुंबई के अन्य बड़े गणेशोत्सव मंडल की बात करें तो वडाला के राम मंदिर ने भी 250 करोड़ रुपये की बड़ी बीमा पॉलिसी ली है। इसके ट्रस्टी उल्हास कामत ने बताया कि इस पॉलिसी के लिए 7-8 लाख रुपये का प्रीमियम दिया जा रहा है 

मुंबई के सबसे ज्यादा लोकप्रिय मंडल लालबागचा राजा ने न्यू इंडिया एश्योरेंस से 25.6 करोड़ रुपये का बीमा लिया है। इसके लिए वह 5.2 लाख रुपये का प्रीमियम दे रहा है। मंडल अध्यक्ष बालासाहेब कांबले ने कहा, '25 करोड़ रुपये में से 6.13 करोड़ रुपये देवता और अन्य कीमती सामानों को सजाने वाले आभूषणों के लिए हैं। व्यक्तिगत दुर्घटना कवर हमेशा की तरह कुल राशि का सबसे बड़ा हिस्सा 12 करोड़ रुपये का है।'

बताते चलें कि मुंबई में अब तक 2,600 से अधिक सार्वजनिक मंडलों ने बीएमसी से आयोजन की इजाजत मांगी है। इनमें से 1500 से ज्यादा को अनुमति दे दी गई है। इस साल 4,000 से 5,000 मंडलों को अनुमति देने की बीएमसी की तैयारी है। 

Web Title: Ganesh Mahotsav 2022: Mumbai GSB Ganeshotsav mandal takes record Rs 316 crore insurance policy cover

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे