अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में कोविड-19 के चार नए मामले
By भाषा | Published: July 26, 2021 10:34 AM2021-07-26T10:34:41+5:302021-07-26T10:34:41+5:30
पोर्ट ब्लेयर, 26 जुलाई अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में कोविड-19 के चार नए मामले सामने आने के बाद केन्द्र शासित प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 7,529 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में संक्रमण से मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया और मृतक संख्या 129 है। इस दौरान तीन और लोगों के ठीक होने के बाद संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या बढ़कर 7,385 हो गई।
उन्होंने बताया कि केन्द्र शासित प्रदेश में अभी 15 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है। इनमें से दक्षिण अंडमान जिले में 14 और उत्तर एवं मध्य अंडमान में एक व्यक्ति उपचाराधीन हैं। निकोबार जिले में संक्रमण का कोई उपचाराधीन मामला नहीं है। अभी तक प्रशासन ने 4,33,596 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की है और नमूनों के संक्रमित आने की दर 1.74 प्रतिशत है।
अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में अभी तक 2,77,071 लोगों को कोविड-18 रोधी टीकों की खुराक दी जा चुकी है, जिनमें से 1,87,609 लोगों को पहली और 89,462 लोगों को दूसरी खुराक दी गई है। केन्द्र शासित प्रदेश की आबादी करीब चार लाख है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।