कर्नाटक के पूर्व मंत्री 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
By भाषा | Published: November 9, 2020 08:07 PM2020-11-09T20:07:23+5:302020-11-09T20:07:23+5:30
हुब्बाली (कर्नाटक), नौ नवंबर हुब्बाली की एक विशेष सीबीआई अदालत ने सोमवार को कर्नाटक के पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सीबीआई ने भाजपा के जिला पंचायत सदस्य योगेश गुड्डा गौडार की हत्या के सिलसिले में कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था। अज्ञात व्यक्तियों ने 15 जून, 2016 को गौडार की हत्या कर दी थी।
गौडार की जब हत्या की गयी थी तब कुलकर्णी सिद्धरमैया नीत कांग्रेस सरकार में खान एवं खनिज मंत्री थे।
वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सुनवाई करते हुए अदालत ने कुलकर्णी को 23 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
सीबीआई ने पूछताछ करने के बाद पांच नवंबर को कुलकर्णी को गिरफ्तार किया था।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।