भाजपा के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का निधन, प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा नेताओं ने जताया शोक

By भाषा | Published: July 1, 2021 11:17 AM2021-07-01T11:17:13+5:302021-07-01T11:17:13+5:30

Former BJP MP Sharad Tripathi passes away, BJP leaders including PM Modi expressed grief | भाजपा के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का निधन, प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा नेताओं ने जताया शोक

भाजपा के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का निधन, प्रधानमंत्री मोदी सहित भाजपा नेताओं ने जताया शोक

लखनऊ/संत कबीर नगर (उत्तर प्रदेश), एक जुलाई संत कबीर नगर से भाजपा के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी का गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह 49 वर्ष के थे।

त्रिपाठी के परिवार के सूत्रों ने बताया कि पूर्व सांसद ने बुधवार रात गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले काफी समय से बीमार थे।

त्रिपाठी के रिश्तेदार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता संजय मिश्रा ने बताया कि पूर्व सांसद के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और दो बेटे हैं।

त्रिपाठी वर्ष 2014 में संत कबीर नगर सीट से भाजपा के सांसद चुने गए थे और वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले मेहदावल सीट से भाजपा विधायक राकेश सिंह से मारपीट प्रकरण से सुर्खियों में आए थे। इसके बाद उन्हें लोकसभा का टिकट नहीं दिया गया था और उनके पिता रमापति राम त्रिपाठी को देवरिया सीट के उम्मीदवार बनाया गया था, जहां से इस वक्त वह सांसद हैं।

त्रिपाठी के परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार शाम को गोरखपुर लाया जाएगा और संभवतः शुक्रवार को अयोध्या में उनका अंतिम संस्कार होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने त्रिपाठी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘शरद त्रिपाठी के असामयिक निधन ने मुझे और कई अन्य लोगों को दुखी कर दिया है। उन्हें समाज की सेवा करना और गरीबों के लिए काम करना पसंद था। संत कबीर दास के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए उन्होंने कई अनूठे काम किए। उनके परिजनों और समर्थकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।’’

गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि त्रिपाठी बेहद कर्मठ नेता थे और उन्होंने हमेशा जनता के हितों के मुद्दों को उठाया। उनका असामयिक निधन भाजपा परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि त्रिपाठी का निधन उत्तर प्रदेश और भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि संत कबीर नगर के पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी के असामयिक निधन की खबर बेहद दुखदाई है। भगवान राम उनके परिवार को दुख की घड़ी सहन करने की क्षमता दे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Former BJP MP Sharad Tripathi passes away, BJP leaders including PM Modi expressed grief

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे