लाइव न्यूज़ :

देश के पास नेतृत्व का खजाना है, कांग्रेस को विपक्षी एकता बनाने के लिए पहले अपना घर सुधारना चाहिए: एचडी देवेगौड़ा

By भाषा | Updated: April 3, 2023 11:41 IST

कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने एक इंटरव्यू में कहा कि विपक्षी दलों के सामने कई विकल्प हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि कांग्रेस को पहले अपने घर में सुधार करना होगा।

Open in App

बेंगलुरु: लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी एकता को लेकर चल रही सरगर्मियों के बीच जनता दल (सेक्यूलर) नेता और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने रविवार को कहा कि कांग्रेस को पहले अपना घर सुधारना चाहिए। उन्होंने पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में यह भी कहा कि विपक्षी दलों के सामने कई विकल्प हैं तथा इस देश के पास नेतृत्व का खजाना है।

कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में जद(एस) की संभावनाओं पर वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह इस साल अन्य राज्यों में चुनाव तथा 2024 में संसदीय चुनावों की दिशा भी तय करेगी। देवेगौड़ा उम्र संबंधी बीमारियों के कारण सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार करने से दूरी बरत रहे हैं।

प्रश्न : आप आगामी विधानसभा चुनावों में जद(एस) की संभावनाओं को कैसे देखते हैं? प्रचार अभियान में जद(एस) की रणनीति क्या होगी?

उत्तर : मेरी पार्टी कर्नाटक में अच्छा प्रदर्शन करेगी। केवल दो राष्ट्रीय दलों पर नजर गड़ा रहे कई लोग हैरान हो जाएंगे। हम विभाजनकारी एजेंडे के लिए वोट नहीं मांग रहे हैं। हम समावेशी समाज और विकास - पंचरत्न कार्यक्रम के नाम पर वोट मांग रहे हैं। मेरी पार्टी सत्ता में आएगी और हम इस कार्यक्रम को लागू करेंगे। हमारे नेता एच डी कुमारस्वामी ने इस कार्यक्रम का प्रचार करने के लिए हाल में राज्यव्यापी दौरा संपन्न किया है। उन्हें शानदार प्रतिक्रिया मिली है। हमारी पार्टी की रणनीति बहुत साधारण है - कड़ी मेहनत करो और लोगों के साथ ईमानदार रहें, उन्हें झांसा न दें और उन्हें बांटें न।

प्रश्न : कुछ वर्गों में यह धारणा है कि जद(एस) ओल्ड मैसूरु के आगे अपना आधार बढ़ा नहीं पायी है, उस मोर्चे पर क्या किया जा रहा है?

उत्तर : हम मैसूरु क्षेत्र तक सीमित है, यह राष्ट्रीय दलों का चतुर दुष्प्रचार है। हमारे हमेशा राज्यभर और समुदायों से विधायक रहे हैं। मैं जो कह रहा हूं उसे समझने के लिए आपको 1999 के बाद से विधायकों और निर्वाचन क्षेत्र की सूची देखनी होगी। हां, मैसूरु क्षेत्र ने हमें सबसे ज्यादा समर्थन दिया है और हम उसके लिए आभारी हैं। इस बार हम राज्य के सभी क्षेत्रों में कहीं ज्यादा कामयाब होंगे। एक मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर मैंने सभी के लिए काम किया है, मैंने कभी क्षेत्रों के बीच भेदभाव नहीं किया। निहित स्वार्थ के चलते झूठ बोला जाता है। अपने करियर में मैंने कभी झूठ का जवाब देने के लिए महंगी जनसंपर्क एजेंसियों की सेवाएं नहीं ली।

प्रश्न : जद(एस) ने अपने दम पर सरकार बनाने के लिए 123 सीटों का लक्ष्य तय किया है। कुछ आलोचकों का कहना है कि यह अवास्तविक है। आपको इसे हासिल करने का इतना भरोसा कैसे है?

उत्तर : हमारी कड़ी मेहनत और विकास की दूरदृष्टि हमें यह विश्वास देती है। मैं अपने आलोचकों और राजनीतिक विरोधियों की कुटिलता की परवाह नहीं करता हूं।

प्रश्न : राष्ट्रीय दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बारे में आपका क्या ख्याल है और क्या उन्होंने कर्नाटक में सत्ता में रहते हुए काम किया है?

उत्तर : मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। हमारे नेता एच डी कुमारस्वामी और सी एम इब्राहिम (पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष) इस पर उचित विश्लेषण दे सकते हैं। मैं सिर्फ यह कह सकता हूं कि राष्ट्रीय दलों की केवल ऊंचे-ऊंचे वादे और झूठे दावे करने की आदत होती है।

प्रश्न : कर्नाटक चुनाव कितना अहम है और राष्ट्रीय राजनीतिक दृश्य पर इसके नतीजे का क्या असर होने जा रहा है?

उत्तर : कर्नाटक इस साल अन्य राज्यों में होने वाले चुनाव तथा 2024 में संसदीय चुनाव की दिशा तय करेगा। इसने हमेशा ऐसा किया है और इस बार भी ऐसा ही होगा।

प्रश्न : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके प्रदर्शन तथा भारत में उनके शासन में लोकतंत्र के संबंध में चल रही चर्चा पर आपकी क्या राय है?

उत्तर : मैंने राज्यसभा में सभी मुद्दों चाहे कृषि मुद्दे हों, कृषि कानून, कोविड-19, केंद्रीय बजट, अर्थव्यवस्था, पूर्वोत्तर, कश्मीर आदि पर चर्चा में भाग लिया है...मैंने विस्तार से बात की है। यह संसद तथा मेरे सोशल मीडिया अकाउंट पर रिकॉर्ड में है। अगर कोई उन पर गौर करेगा तो उसे पता चल जाएगा कि भाजपा सरकार तथा केंद्र पर मेरा आकलन क्या है। मैंने हमेशा अपने काम को गंभीरता से लिया है और 91 वर्ष की उम्र भी ऐसा ही कर रहा हूं। कांग्रेस इस देश में अकेली विपक्षी पार्टी नहीं है।

प्रश्न : आपको क्या लगता है कि कांग्रेस को 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विपक्षी एकता बनाने में क्या भूमिका निभाने की जरूरत है?

उत्तर : पहले तो कांग्रेस को अपने घर में सुधार करना होगा। विपक्षी दलों के सामने कई विकल्प हैं और इस देश के पास नेतृत्व का खजाना है।

प्रश्न : राहुल गांधी को मानहानि के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सांसद के रूप में अयोग्य घोषित किए जाने पर आपकी क्या राय है?

उत्तर : मैं अलग से टिप्पणी करना नहीं चाहता। मेरी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही इस पर बात की है। मैं बस यही कह सकता हूं कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रश्न : आपको अब भी लगता है कि जनता परिवार तथा तीसरा मोर्चा के पुनर्जीवित होने की कोई संभावना है या यह बंद हो चुका अध्याय है?

उत्तर : सब कुछ संभव है। सब कुछ से मेरा मतलब सब कुछ है। मैं तीसरे या चौथे मोर्चे में यकीन नहीं रखना, मेरा मानना है कि हम जो भी करें, हम इस देश तथा लोकतंत्र की रक्षा करने में सबसे आगे खड़े होंगे।

टॅग्स :कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023एचडी देवगौड़ालोकसभा चुनाव 2024कांग्रेसएचडी कुमारस्वामी
Open in App

संबंधित खबरें

कारोबारकेरलम विधानसभा चुनावः वृद्ध आबादी 16.5 प्रतिशत?, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा सबसे बड़े चुनावी मुद्दे?, देखिए किस दल ने क्या दिया तोहफा?

ज़रा हटकेVIDEO: असम में योगी का बड़ा बयान, 'घुसपैठियों को बाहर करना ही होगा'

भारतश्रीपेरंबुदूर से उम्मीदवार तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष सेल्वापेरुन्थगई, 27 उम्मीदवार घोषित, देखिए

भारतबिहार चुनावः 2026 में 17 सीट खाली, राज्यसभा के बाद MLC इलेक्शन में भी तेजस्वी यादव को लगेगा झटका, 1 सीट के लिए 25 विधायक?

भारतएक शांत दिखने वाली विदाई से हुई भारी क्षति!

भारत अधिक खबरें

भारत'वे बंगाल को खत्म करना चाहते हैं': ममता बनर्जी ने BJP पर साधा निशाना, चुनावों से पहले किसानों के लिए अलग से बजट का वादा किया

भारतIST की जगह 'महाकाल मानक समय'? शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गणना ढांचे पर पुनर्विचार का दिया प्रस्ताव

भारतबिहार से दिल्ली तक की नई पारी, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को लेंगे राज्यसभा सांसद की शपथ, पूरी डिटेल यहां

भारतये तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है..., राघव चड्ढा ने AAP के खिलाफ किया नया वीडियो जारी

भारतWest Asia Conflict: युद्धग्रस्त ईरान में फंसे 345 भारतीय, आर्मेनिया के रास्ते वतन लौटे; भारत की कूटनीतिक जीत