डेटॉल ने किया 'ऑक्सीजन वाली बिटिया' के जज्बे को सलाम
By भाषा | Published: June 9, 2021 06:47 PM2021-06-09T18:47:54+5:302021-06-09T18:47:54+5:30
शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), नौ जून कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाकर जरूरतमंदों की मदद कर सुर्खियों में आईं अर्शी अंसारी के जज्बे को सलाम करते हुए प्रतिष्ठित कंपनी डेटॉल ने उन्हें प्रमाण पत्र जारी करने के साथ-साथ अपने उत्पाद पर उनकी तस्वीर भी लगाई है।
डेटॉल के दक्षिण एशिया क्षेत्र के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव जैन ने अर्शी को प्रमाण पत्र जारी किया।
डेटॉल ने अपने हैंड वॉश उत्पाद की शीशी पर अर्शी अंसारी की तस्वीर भी लगाई है जिसमें वह उसी स्कूटी पर बैठी दिख रही हैं जिस पर ऑक्सीजन सिलिंडर रखकर वह जरूरतमंदों तक पहुंचाया करती थीं।
अर्शी ने अपनी इस उपलब्धि के लिए मीडिया खासकर ‘पीटीआई’ का धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके इस प्रयास को दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया का बड़ा योगदान रहा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।