दिल्ली के कोविड-19 अस्पतालों के सभी वार्ड में लगेगा सीसीटीवी कैमरा
By निखिल वर्मा | Published: June 27, 2020 05:20 AM2020-06-27T05:20:19+5:302020-06-27T05:20:19+5:30
राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 77,000 के पार चली गयी है
दिल्ली में विशेष तौर पर कोविड-19 के मरीजों का इलाज करने वाले अस्पतालों को सभी वार्ड में तत्काल सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए गए हैं।दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के आदेश में यह भी कहा गया कि सभी कोविड-19 समर्पित अस्पतालों को मरीज के एक अटेंडेंट (देखरेख करने वाला) को अस्पताल परिसर में रुकने की अनुमति देनी होगी, जोकि अस्पताल की ओर से निर्धारित स्थान पर ही रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट के 19 जून के आदेश के अनुपालन में यह निर्देश जारी किए गए हैं। दिल्ली की स्वास्थ्य सचिव पद्मिनी सिंगला ने कहा कि निर्देश ''तत्काल अनुपालन'' के लिए हैं। आदेश के मुताबिक, '' सभी कोविड समर्पित अस्पतालों को निर्देश दिया जाता है कि अस्पताल के सभी वार्ड में सीसीटीवी कैमरे तत्काल लगाना सुनिश्चित किया जाए।'' इसके मुताबिक सभी अस्पतालों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत निरीक्षण करने वाले विशेषज्ञ दल को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा, एक सहायता डेस्क भी स्थापित करना होगा, जहां जाकर अथवा फोन के जरिए भर्ती मरीज के बारे में जानकारी ली जा सके।
दिल्ली में संक्रमण के 3,460 नए मामले
दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,460 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 77,000 के पार हो गई। वहीं इस खतरनाक वायरस की वजह से अब तक 2,492 लोगों की जान जा चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में रिकॉर्ड 3,947 मामले सामने आए थे। बुधवार को दिल्ली ने देश में सबसे बुरी तरह प्रभावित शहरों की सूची में मुंबई को पीछे छोड़ दिया था। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में 63 लोगों की मौत हुई। बुलेटिन में बताया गया कि मृतकों की संख्या 2,492 हो गई है और संक्रमितों की संख्या 77,240 है।
दिल्ली में बड़े स्तर पर लगाए जाएंगे आईसीयू बेड
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार अस्पतालों में बड़े पैमाने पर आईसीयू बिस्तर लगाएगी। हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि शहर में स्थिति ‘नियंत्रण में है।’