भारत में कोरोना के एक्टिव केस 50 हजार के पार लेकिन नए मामलों में कमी, 24 घंटे में 6594 केस आए सामने
By विनीत कुमार | Published: June 14, 2022 09:53 AM2022-06-14T09:53:32+5:302022-06-14T10:03:38+5:30
Coronavirus: भारत में नए कोरोना केस में 18 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में 6500 से कुछ अधिक नए मामले मिले जो एक दिन पहले 8500 से ज्यादा था।
नई दिल्ली: भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6,594 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही महामारी शुरू होने से अब तक देश में कुल 4,32,36,695 केस सामने आ चुके हैं। पिछले 24 घंटे में मामलों में कमी देखी गई है। इससे पहले लगातार दो दिन कोविड के 8 हजार से अधिक केस सामने आए थे। कल सुबह के अपडेट के मुकाबले नए मामलों में आज 18 प्रतिशत कमी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार हालांकि भारत में सक्रिय कोरोना मामले अब बढ़कर 50,548 हो गए है। मंगलवार सुबह मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटों में 4,035 मरीजों के ठीक होने के साथ कुल रिकवरी की संख्या 4,26,61,370 तक पहुंच गई है।
देश में फिलहाल दैनिक संक्रमण दर 2.05 प्रतिशत है जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 2.32 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक भारत में कोरोना से ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) अभी 98.67 प्रतिशत है। वहीं, देश भर में कोविड वैक्सीन की 195.35 करोड़ से अधिक डोज लगाई जा चुकी है।
महाराष्ट्र में 2000 से कम नए कोरोना केस
महाराष्ट्र में सोमवार को कोविड-19 के 1,885 नए मामले सामने आए। राज्य सोमवार को दैनिक मामलों की संख्या में रविवार की तुलना में 36 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को राज्य में 2,946 लोग संक्रमित पाए गए थे और दो लोगों की मौत हुई थी। मुंबई शहर में भी संक्रमण के 1,118 नए मामले सामने आए हैं, जो इससे पहले के दिन की तुलना में 38 प्रतिशत कम हैं। राज्य में मरीजों के संक्रमण से उबरने की दर 97.91 प्रतिशत है और मृत्यु दर 1.86 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में अब तक 1,47,871 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।