लाइव न्यूज़ :

उत्तराखंड में कर्नल कोठियाल 'आप' के मुक्ष्यमंत्री पद के उम्मीदवार

By भाषा | Updated: August 17, 2021 20:33 IST

Open in App

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को घोषणा की कि फौजी पृष्ठभूमि के कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे और उनके नेतृत्व में प्रदेश को हिंदुओं की 'आध्यात्मिक राजधानी' बनाया जाएगा । केजरीवाल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “बेहद गर्व और फख्र के साथ मैं आज यह ऐलान करना चाहता हूं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल होंगे।” जुलाई में अपने पिछले उत्तराखंड दौरे में केजरीवाल ने कहा था कि अगली बार जब वह यहां आएंगे तो मुख्यमंत्री के चेहरे के बारे में घोषणा करेंगे। कोठियाल को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर केजरीवाल ने फौजियों को अपने पक्ष में लाने का प्रयास किया है । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में कर्नल (सेवानिवृत्त) कोठियाल का नाम घोषित करने के बाद केजरीवाल ने देहरादून शहर के बीचोंबीच एक रोडशो किया । प्रदेश में अगले साल की शुरूआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर हाल में अपने दूसरे दौरे में केजरीवाल ने कर्नल कोठियाल और आप के प्रदेश अध्यक्ष एस एस कलेर के साथ यहां शहर के व्यस्ततम घंटाघर चौक से लेकर दिलाराम चौक तक रोडशो किया और जनता का अभिवादन किया । 'कीर्ति चक्र' से अलंकृत कर्नल (सेवानिवृत्त) कोठियाल ने भारतीय सेना में गढ़वाल राइफल्स में 1992 में सेकेंड लेफि्टनेंट के रूप में कमीशन लिया था । उत्तरकाशी स्थित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्राचार्य रह चुके कोठियाल को केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सराहा जाता है। कोठियाल अविवाहित हैं और 'यूथ फाउंडेशन' नामक संस्था का संचालन करते हैं । केजरीवाल ने कहा कि जनता से सीधे तौर पर और विभिन्न सर्वेंक्षणों के जरिए ली गई राय के बाद कर्नल कोठियाल को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया है । उन्होंने कहा, 'लोगों ने कहा कि अब हमें एक देशभक्त फौजी चाहिए जो अपना घर भरने की बजाय उत्तराखंड के लोगों की सोचे, उसके विकास के बारे में सोचे ।' कर्नल कोठियाल को एक 'सच्चा सिपाही' बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि उनके शरीर में दो गोलियां हैं जिन्हें वह आज भी साथ लेकर घूमते हैं । केदारनाथ त्रासदी के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में कर्नल कोठियाल के योगदान की सराहना करते हुए केजरीवाल ने कहा कि अब इन्होंने उत्तराखंड के नवनिर्माण का बीड़ा उठाया है । उन्होंने कहा कि 'देवभूमि' उत्तराखंड में बहुत सारे हिंदु देवी—देवताओं के वास के कारण यहां देश—विदेश से श्रद्धालु आते हैं । उन्होंने कहा, ' इनके कर्नल कोठियाल साथ मिलकर उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए 'आध्यात्मिक राजधानी' बनाया जाएगा ।' उन्होंने कहा कि केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों में योगदान के लिए कर्नल कोठियाल को लोग 'भोले का फौजी' भी कहते हैं । कोठियाल ने उनमें विश्वास जताने के लिए केजरीवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरा प्रयास करेंगे । उन्होंने लोगों से खुद को सिद्ध करने के लिए केवल छह माह का समय मांगते हुए कहा कि अगर वह अच्छा काम करें तभी उन्हें पद पर आगे बने रहने दिया जाए । वर्ष 2014 में लोकसभा चुनावों से लेकर अब तक हुए सभी चुनावों में आप उत्तराखंड में अपने उम्मीदवार उतारती रही है लेकिन अभी तक उसे सफलता नहीं मिली है । हांलांकि, जानकारों का कहना है कि इस बार आप के प्रयास काफी गंभीर लग रहे हैं और सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस दोनों की मौजूदगी के बीच उसने जनता के सामने तीसरा विकल्प पेश कर दिया है । चुनावों में पार्टी की संभावनाएं बढाने के लिए उसने मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित कर दिया है । वरिष्ठ आप नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी पिछले कुछ माह में कई बार उत्तराखंड आकर पार्टी कार्यकताओं से मिल चुके हैं वहीं केजरीवाल का भी पिछले दो माह में यह दूसरा दौरा है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतक्या राघव चड्ढा किसी अन्य दल से जुड़े हुए हैं, पंजाब सीएम मान ने कहा-हां, समोसा और जहाज किराया पर बोल रहे थे और पंजाब मुद्दे पर नहीं, वीडियो

भारतजो डर गया, समझो मर गया?, सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर निशाना साधा, कहा- केजरीवाल गिरफ्तार हुए तो विदेश में छिपा?

भारतमेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना, मैं दरिया हूं, वक्त आने पर सैलाब?, एक्स पर राघव चड्ढा ने वीडियो जारी किया, सुनिए

भारतRaghav Chadha vs AAP: 'चुप कराया गया, हारा नहीं हूं, राघव चड्ढा ने AAP से किए तीखे सवाल; VIDEO

भारतराघव चड्ढा को क्यों हटाया गया?, राज्यसभा सांसद और आप नेता संजय सिंह ने दिया जवाब?

भारत अधिक खबरें

भारतराष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टीः उत्तरार्द्ध में उत्तराधिकार के लिए संघर्ष

भारतदिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में महसूस हुए भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में आया भूकंप

भारतकेंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ग्रीनविच मीन टाईम को महाकाल स्टेंडर्ड टाईम में बदलने पर दिया जोर

भारतदलित समुदाय के 22 फीसदी वोट पर जमीन अखिलेश की निगाह , 14 अप्रैल पर अंबेडकर जयंती पर गांव-गांव में करेगी कार्यक्रम

भारतराघव चड्ढा पर आतिशी का बड़ा आरोप, 'BJP से डरते हैं, अगला कदम क्या होगा?'