लाइव न्यूज़ :

सामान्य जन के मन के विश्वास का सेतु बनें भाजपा कार्यकर्ता: मोदी

By भाषा | Updated: November 7, 2021 19:53 IST

Open in App

नयी दिल्ली, सात नवंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से सामान्य जन के मन के विश्वास का सेतु बनने का आह्वान किया और कहा कि देश की राजनीति में पार्टी ने आज जो मुकाम हासिल किया है, उसका बहुत बड़ा कारण जनता से उसका जुड़ाव ही रहा है।

राजधानी स्थित नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के सम्मेलन कक्ष में आयोजित भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक के समापन भाषण में प्रधानमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत का भरोसा जताया और विपक्षी दलों खासकर, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कोई परिवार अधारित पार्टी नहीं है।

प्रधानमंत्री के संबोधन की जानकारी मीडिया से साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मोदी ने आने वाले समय में भाजपा की कार्यनीति को बनाने के लिए एक बड़ा मंत्र सभी कार्यकर्ताओं को दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को सामान्य आदमी के मन के विश्वास का सेतु बनना चाहिए।’’

यादव के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने पार्टी के इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि भाजपा ने आज केंद्र में जो स्थान पाया है, उसका बहुत बड़ा कारण है कि पार्टी प्रारंभिक काल से लेकर और अभी तक सामान्य व्यक्ति से हमेशा जुड़ी रहती है।

बकौल यादव प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भाजपा कोई परिवार आधारित पार्टी नहीं है। पार्टी जिन मूल्यों को लेकर चली है, उसमें सेवा, संकल्प और समर्पण जुड़ा है...कोई एक परिवार के साथ जुड़कर नहीं। पार्टी की परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए और कड़ी मेहनत व परिश्रम के कारण हम आगे बढ़े हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को आने वाले समय में इसी विश्वास और अपनत्व को लेकर चलना होगा।

सूत्रों के मुताबिक, अपने संबोधन में मोदी ने तेलंगाना के उपचुनावों में भाजपा को मिली जीत, हरियाणा के ऐलनाबाद में पार्टी के प्रदर्शन में हुए सुधार, तमिलनाडु के स्थानीय निकाय के चुनावों और आंध्र प्रदेश के उपचुनावों में बढ़े पार्टी के वोट प्रतिशत का उल्लेख किया और कहा कि यह नतीजे दर्शाते हैं कि भाजपा के विकास के एजेंडे को जनता स्वीकार कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर ने कहा कि मोदी ने आंध्र प्रदेश के बड़वेल विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी पार्टी के प्रदर्शन का उल्लेख किया।

देवधर ने बताया, ‘‘बड़वेल विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के लिए उन्होंने (मोदी) आंध्र प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पहले इस सीट पर हमें 750 मत मिले थे जबकि अब हमें 21 हजार के करीब मत मिले हैं।’’

बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों ने संगठन और मुख्यमंत्रियों ने अपने कामकाज का विस्तृत विवरण दिया।

ऐसा ही एक विवरण पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पेश किया और कहा कि भाजपा राज्य की सभी सीटों पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

यादव ने कहा, ‘‘पांचों चुनावी राज्यों की तरफ से रिपोर्टिंग हुई। चार राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्षों ने उनके द्वारा किए गए काम और चलाए गए अभियानों की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि बहुत भरोसे और विश्वास के साथ रिपोर्टिंग की गई है। भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा।’’

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर नमो ऐप पर शुरु किए गए नए खंड ‘‘कमल पुष्प’’ का भी उल्लेख किया और कार्यकर्ताओं से पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नए मूल्यों व नए संकल्पों के साथ जनता के बीच काम करने का आह्वान किया।

‘‘कमल पुष्प’’ भाजपा के उन कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देने का मंच है, जिन्होंने भाजपा को भारतीय राजनीति में स्थापित करने के लिए अपना जीवन खपा दिया।

यादव के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान भाजपा की ओर से चलाए गए सेवा ही संगठन अभियान की भी सराहना की।

कार्यकारिणी में शामिल सदस्यों को सीओपी-26 में भारत की भूमिका, अर्थव्यवस्था में हो रहे सुधार और कोविड-19 के खिलाफ भारत की ‘‘मजबूत’’ लड़ाई पर आधारित एक साहित्यिक पुस्तिका का वितरण भी किया गया।

कार्यकारिणी की बैठक में पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति के बारे में भी एक प्रस्ताव पारित किया गया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतAssembly Elections 2026: किसे मिलेगी सत्ता? असम, केरल और पुडुचेरी में जनता लिख रही है भविष्य; 4 मई को खुलेगा किस्मत का पिटारा

विश्वUS-Iran Ceasefire: लेबनान हमले का पलटवार, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद करेगा ईरान! भड़का अमेरिका

विश्वइस युद्धविराम के आखिर मायने क्या हैं...?

भारतराहुल सांकृत्यायन: घुमक्कड़ी ने जिन्हें महापंडित बनाया 

पूजा पाठRashifal 09 April 2026: लग्जरी आइटम खरीदने में पैसा होगा खर्च, इन 4 राशिवालों के सितारे बुलंद

भारत अधिक खबरें

भारतAssembly elections 2026: केरल में 140, असम में 126 और पुडुचेरी में 30 सीट पर वोटिंग?, जानिए कब होंगे मतगणना

भारतSummer Special Trains 2026: गर्मियों की छुट्टियों के लिए रेलवे चला रहा है स्पेशल ट्रेनें, जानें रूट और टाइमिंग

भारत21वीं सदी की विकास यात्राः आइए, मिलकर नारी शक्ति को सशक्त करें?

भारतनारी शक्ति वंदन अधिनियमः 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित और 2029 के आम चुनाव में लागू?, लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

भारतरेलवे में 8.85 प्रतिशत लोको पायलट ने लगातार 12 घंटे से अधिक काम किया?, रेलवे संघ ने कहा-46.96 प्रतिशत ने 9 घंटे शिफ्ट किए?