Bihar Politics News: बिहार में हलचल, अमित शाह ने किया कॉल, सम्राट दिल्ली तलब, एक ही फ्लाइट से बैठे त्यागी और चौधरी
By एस पी सिन्हा | Updated: January 25, 2024 17:26 IST2024-01-25T17:24:18+5:302024-01-25T17:26:50+5:30
Bihar Politics News: दिल्ली से अमित शाह का कॉल आया। सारे कार्यक्रम को रद्द कर सम्राट चौधरी दिल्ली रवाना हो गये।

file photo
Bihar Politics News: बिहार में जारी सियासी घमासान के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को अमित शाह का कॉल आया है। उसके बाद सम्राट चौधरी आनन फानन में दिल्ली रवाना हो गए। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फिलहाल सम्राट चौधरी का दिल्ली जाने का कोई कार्यक्रम नहीं था। जबकि बिहार में ही उनके कई कार्यक्रम तय थे। लेकिन आज दोपहर उन्हें दिल्ली से अमित शाह का कॉल आया। इसके बाद पहले से तय अपने सारे कार्यक्रम को रद्द कर सम्राट चौधरी दिल्ली रवाना हो गये।
खास बात ये भी है कि जदयू नेता और नीतीश के राजनीतिक सलाहकार केसी त्यागी भी दिल्ली रवाना हो गए हैं। त्यागी और सम्राट चौधरी एक ही फ्लाइट से दिल्ली रवाना हुए हैं। केसी त्यागी पिछले कई दिनों से बिहार में ही जमे थे। उनकी कई राउंड की बातचीत नीतीश कुमार से हुई थी। कल रात भी वे नीतीश कुमार के साथ काफी वक्त तक थे।
इस बीच ये भी खबर आई है कि दिल्ली में कल रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सियासी हालात को लेकर पार्टी के नेताओं के साथ चर्चा की है। कल रात प्रधानमंत्री की बैठक अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ हुई। इसमें बिहार के ताजा हालात पर चर्चा हुई है। सम्राट चौधरी को दिल्ली से बुलावा आना इसकी अगली कड़ी मानी जा रही है। हालांकि भाजपा ने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।