Bihar IAS Sanjeev Hans: संपत्ति देख माथा ठनका, आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेज ईडी के हाथ लगे, रालोजपा नेता सुनील सिन्हा संजीव हंस की बेनामी संपत्ति के राजदार
By एस पी सिन्हा | Updated: July 19, 2024 18:04 IST2024-07-19T18:03:48+5:302024-07-19T18:04:30+5:30
Bihar IAS Sanjeev Hans: सूत्रों के मुताबिक ईडी को शक है कि रालोजपा नेता सुनील सिन्हा संजीव हंस की बेनामी संपत्ति के राजदार हैं।

file photo
Bihar IAS Sanjeev Hans: ईडी ने बिहार में ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव आईएएस अधिकारी संजीव हंस के आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में अपनी जांच तेज कर दी है। मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही ईडी के रडार पर संजीव हंस के करीबी भी आ गए हैं। संजीव हंस ने विगत वर्षों में काफी विदेश यात्रा भी की हैं। ईडी इस बात का भी पता लगा रही है कि संजीव हंस ने सरकार से अनुमति ली थी या नहीं? वहीं, गोवा, पुणे समेत कई शहरों में प्रॉपर्टी की जानकारी भी सामने आई है। उल्लेखनीय है कि ईडी के द्वारा की गई छापेमारी के दौरान संजीव हंस के घर से आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेज ईडी के हाथ लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक ईडी को शक है कि रालोजपा नेता सुनील सिन्हा संजीव हंस की बेनामी संपत्ति के राजदार हैं।
वहीं, संजीव हंस की पत्नी और पूर्व विधायक गुलाब यादव की पत्नी भी अब औपचारिक तौर पर ईडी की रडार पर आ गई हैं। सूत्रों के अनुसार, ईडी को तफ्तीश के दौरान कई सबूत मिले हैं। संजीव हंस की पत्नी के बैंक खाते में काफी संदिग्ध लेनदेन की भी जानकारी मिली है।
सूत्रों के मुताबिक संजीव हंस की पत्नी के बैंक खातों से पूर्व विधायक गुलाब यादव की पत्नी के बीच करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेनदेन की भी जानकारी मिली है। ईडी के द्वारा की गई छापेमारी में संजीव हंस की पत्नी का पुणे स्थित एक सीएनजी पंप के मालिकाना हक से संबंधित जानकारी मिली है।
ईडी को कई संपत्ति की भी जानकारी मिली है और उससे जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। ईडी मामले की तह तक जाने में जुटी है। संजीव हंस और पूर्व विधायक गुलाब यादव के ठिकानों से बरामद दस्तावेजों में कई साझा कारोबार के अलावा बैंकों में लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी है।
पुणे और दिल्ली में कुछ साझा संपत्तियों से जुड़े कागजात भी ईडी के हाथ लगने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि गुलाब यादव के ठेकेदारी समेत अन्य कारोबार में अधिकारी संजीव हंस की स्वयं या पत्नी के नाम से साझेदारी भी पाई गई है। अब निर्माण कंपनी एसपी सिंगला से भी लेनदेन का खुलासा होने वाला है।