बिहार: गया में माओवादियों ने की एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या, शव को बांस के खंभों पर लटकाया

By विनीत कुमार | Published: November 15, 2021 07:29 AM2021-11-15T07:29:14+5:302021-11-15T07:29:14+5:30

बिहार के गया जिले की ये घटना शनिवार रात की है। माओवादियों ने परिवार पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने की बात कहते हुए चार लोगों की हत्या कर दी।

Bihar Gya Maoists kill four members of same family hang their bodies | बिहार: गया में माओवादियों ने की एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या, शव को बांस के खंभों पर लटकाया

गया में माओवादियों ने की एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या (फाइल फोटो)

Highlightsगया जिले के डुमरिया ब्लॉक के गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या।माओवादियों ने घर को भी विस्फोट कर उड़ा दिया, मरने वालों में दो महिलाएं शामिल।माओवादियों ने एक पर्चा भी छोड़ा जिसमें परिवार पर पुलिस के लिए मुखबिरी की बात कही गई है।

पटना: बिहार के गया जिले के एक गांव में माओवादियों ने खूनी खेल खेलते हुए एक परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी। घटना शनिवार रात की है। करीब 25 माओवादी डुमरिया ब्लॉक के कचार पंचायत के तहत आने वाले मौनवार गांव पहुंचे और परिवार के चार सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

हत्या के बाद माओवादियों ने विस्फोट कर उनका घर भी उड़ा दिया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) के अनुसार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के सदस्यों ने शनिवार रात को सरयू सिंह भोक्ता के घर पर हमला किया। 

पुलिस के मुताबिक हमले के समय भोक्ता अपने घर पर नहीं थे पर लेकिन हमलावरों ने उनके दो बेटों एवं उनकी पत्नियों को मार डाला। इसके बाद उनके शवों को गोशाला में बांस के खंभों पर लटका दिया। पुलिस के मुताबिक, माओवादियों ने उसके बाद बम लग दिया एवं विस्फोट कर उनके घर को उड़ा दिया। 

स्थानीय लोगों के अनुसार माओवादियों ने शनिवार शाम करीब 7 बजे घर पर हमला बोला था। पुलिस की मुखबिरी के आरोप में माओवादियों ने घर में मौजूद सत्येंद्र सिंह और महेंद्र सिंह सहित उनकी पत्नियों मनोरमा देवी और सुनीता देवी को मौत के घाट उतार दिया।

मारने के बाद घर पर छोड़ा पर्चा

पुलिस के मुताबिक माओवादियों ने एक पर्चा छोड़ा है जिसमें उन्होंने भोक्ता और उनके परिवार पर पुलिस के लिये मुखबिरी करने का आरोप लगाया है। 

भाकपा (माओवादी) ने इस पर्चे में दावा किया है कि उनकी कार्रवाई उस घटना का बदला लेने के लिए है जिसमें इस परिवार की मुखबिरी के चलते इसी साल मार्च में स्थानीय पुलिस और कोबरा बटालियन ने मुठभेड़ में उनके चार कैडर- शिवपूजन कुमार, अमरेश कुमार, सीता कुमार और उदय कुमार को मार गिराया था और भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बदामद किया गया था।

माओवादियों के मुताबिक इन सभी को खाने में जहर दिया गया था, जिससे उनकी मौत हुई। हालांकि पुलिस रिकॉर्ड में कहा गया है कि इनकी मौत एनकाउंटर में हुई।

वहीं एडीजी ने कहा, ‘गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार घटनास्थल पर डेरा डाले हुए हैं और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं।'

(भाषा इनपुट)

Web Title: Bihar Gya Maoists kill four members of same family hang their bodies

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे