दिल्ली में राहुल गांधी 0 पर आउट तो बिहार में तेजस्वी यादव होंगे 0 पर बोल्ड?, भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह ने बोला हमला
By एस पी सिन्हा | Updated: February 12, 2025 16:40 IST2025-02-12T16:39:06+5:302025-02-12T16:40:24+5:30
Bihar Politics: महाराष्ट्र, हरियाणा और अब दिल्ली इसका प्रमाण हैं। इस दौरान एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर कोई जवाब नहीं दिया।

file photo
पटनाः बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के द्वारा चुनाव पूर्व 'माई बहिन मान योजना' सहित किए जा रहे विभिन्न वादों पर सवाल उठाते हुए भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह ने बुधवार को पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पता नहीं वे किस बुनियाद पर वादे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता बेवकूफ बनने वाली नहीं है। जिस तरह दिल्ली में कांग्रेस का खाता नहीं खुला है, उसी तरह बिहार में तेजस्वी यादव का भी खाता नहीं खुलने वाला है। उन्होंने कहा कि राजद झूठे वादों के दम पर सत्ता में आना चाहती है। लेकिन बिहार की जनता काफी समझदार है।
श्रेयसी सिंह ने कहा कि वह एक ऐसी पार्टी से है, जिसने अपने 99 प्रतिशत वादों को पूरा करके दिखाया है। महाराष्ट्र, हरियाणा और अब दिल्ली इसका प्रमाण हैं। इस दौरान उन्होंने एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर कोई जवाब नहीं दिया। लेकिन इतना जरूर कहा कि बिहार में निश्चित रूप से अगली सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की बनेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत हुई है तो जो वादे वहां के लोगों से किए गए हैं, वह निश्चित रूप से पूरे किए जाएंगे। वहां भाजपा अच्छा काम कर के दिखाएगी। फ्री की राजनीति कभी ठोस राजनीति नहीं होती है। श्रेयसी सिंह ने कहा कि भाजपा की अपनी नीति और सिद्धांत है जिस पर पार्टी चलती है।
जनहित और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना जानती है और यह हमने कर के दिखाया है। विपक्ष के महागठबंधन की सरकार बनने के दावे से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह तो वक्त ही बताएगा कि किसकी सरकार बनती है। बता दें कि श्रेयसी सिंह बिहार के दिग्गज नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की बेटी है।
श्रेयसी ने 2020 में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी में शामिल होते ही भाजपा ने उन्हें वीवीआईपी सीट जमुई से टिकट दे दिया। श्रेयसी ने भी पार्टी को निराश नहीं किया और चुनाव जीतकर बिहार विधानसभा की सदस्य बनी।
उन्होंने इस चुनाव में राजद उम्मीदवार को 41 हजार 49 वोटों से करारी शिकस्त दी थी। जमुई में उनको 79603 वोट हासिल हुए थे। श्रेयसी की मां पुतुल सिंह भी सांसद रही हैं और खुद श्रेयसी सिंह निशानेबाजी की दिग्गज खिलाड़ी भी हैं।