बिहार विधानसभा चुनाव : मतगणना के रूझानों में राजग को बढ़त

By भाषा | Published: November 10, 2020 03:27 PM2020-11-10T15:27:14+5:302020-11-10T15:27:14+5:30

Bihar Assembly Elections: NDA gains lead in counting trends | बिहार विधानसभा चुनाव : मतगणना के रूझानों में राजग को बढ़त

बिहार विधानसभा चुनाव : मतगणना के रूझानों में राजग को बढ़त

पटना, 10 नवंबर बिहार विधानसभा चुनाव के मतगणना के रूझानों के अनुसार 243 सीटों में से राजग 126 सीटों पर आगे चल रहा है और भाजपा गठबंधन में अपनी सहयोगी पार्टी नीतीश कुमार की जदयू से बेहतर प्रदर्शन करती दिख रही है।

भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, विपक्षी महागठबंधन 102 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।

मतगणना के रूझानों के मुताबिक, सत्तारूढ़ राजग बहुमत के आंकड़े को हासिल करता दिख रहा है।

भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार मतगणना के रूझानों में भाजपा 73 सीटों पर आगे चल रही है जबकि सहयोगी जदयू 47 सीट, हम पार्टी एक सीट और वीआईपी पार्टी 5 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है।

महागठबंधन से राजद 68 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 20 सीट, माकपा 3 सीट, भाकपा-माले 12 सीट, भाकपा 3 सीटों पर पर आगे चल रही है।

बहुजन समाज पार्टी दो सीट पर आगे चल रही है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम 2 सीट पर आगे चल रही है। निर्दलीय 4 सीटों पर आगे चल रहे हैं।

राजग से अलग होकर चुनाव लड़ने वाली चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी सिर्फ दो सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। लोजपा ने चुनाव में जदयू के उम्मीदवारों के मुकाबले अपने उम्मीदवार खड़े किये थे।

भाजपा और जदयू गठबंधन को अब तक 35.43 प्रतिशत वोट हासिल हुए हैं जबकि राजद-कांग्रेस महागठबंधन को 32.13 प्रतिशत वोट मिले हैं।

बहरहाल, चुनाव आयोग के सूत्रों ने बतया कि कोविड-19 के कारण इस बार मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ायी गई थी और मतगणना लंबा खींच सकता है।

राजद नेता तेज प्रताप यादव हसनपुर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी जदयू के राजकुमार राय से 3655 मतों से आगे चल रहे हैं। वहीं तेजस्वी यादव राघोपुर से अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी से 7037 मतों से बढ़त बनाये हुए हैं। भाजपा की श्रेयसी सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी से 13860 मतों से बढ़त बनाये हुई हैं। भाजपा के नीतीश मिश्रा 13920 मतों से आगे चल रहे हैं।

राजद की लवली आनंद सहरसा सीट पर 21617 मतों से पीछे हैं जबकि वीआईवी पार्टी के मुकेश सहनी 10779 मतों से आगे चल रहे हैं। मोकामा से राजद के अनंत सिंह 16475 मतों से आगे चल रहे हैं।

बांकीपुर से भाजपा के नितिन नवीन अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी कांग्रेस के लव सिन्हा से 8884 मतों से आगे चल रहे हैं। मुजफ्फरपुर से भाजपा के सुरेश शर्मा 2485 मतों से पीछे चल रहे हैं। परसा सीट से चंद्रिका राय 8660 मतों से पीछे चल रहे हैं। वीआईपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी 10779 मतों से आगे चल रहे हैं। हम पार्टी के जीतन राम मांझी 6470 मतों से आगे चल रहे हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Bihar Assembly Elections: NDA gains lead in counting trends

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे