बिहार विधानसभा चुनावः राजद ने किया ऐलान, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और शिवानंद तिवारी के बेटे को टिकट, जानिए सूची
By सतीश कुमार सिंह | Published: October 5, 2020 01:03 PM2020-10-05T13:03:32+5:302020-10-05T13:35:13+5:30
रामगढ़ के वर्तमान विधायक को टिकट नहीं दिया गया है। उनकी जगह जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर सिंह को टिकट दिया गया है। सुधाकर सिंह भाजपा के टिकट पर भी चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन हार गए थे।
पटनाः बिहार में चुनाव चरम पर है। महागठबंधन में सीटों का बंटवारा हो गया है। राजद 144, कांग्रेस 70 और वाम दल सहित अन्य 31 सीट पर चुनाव लड़ेंगे। बिहार में कुल 243 सीट है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान शुरू कर दिया है। नोखा से अनीता देवी, चकाई से सावित्री देवी, जमुई से विजय प्रकाश यादव, जहानाबाद से सुदेय यादव, रामगढ़ से आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर सिंह, शाहपुर से शिवानंद तिवारी के बेटे राहुल तिवारी और शेखपुरा से विजय सम्राट को टिकट दिया गया है।
रामगढ़ के वर्तमान विधायक को टिकट नहीं दिया गया है। उनकी जगह जगदानंद सिंह के बेटे सुधाकर सिंह को टिकट दिया गया है। सुधाकर सिंह भाजपा के टिकट पर भी चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन हार गए थे। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए तीन चरणों में 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और सात नवंबर को मतदान होगा और 10 नवंबर को मतगणना होगी।
राजद में कई बड़े नेताओं के टिकट कट गए हैं। यहां तक की नीतीश सरकार में मंत्री रहे श्याम रजक का टिकट भी कटने की उम्मीद है। उन्हें फुलवारीशऱीफ से टिकट नहीं मिलेगा। वह इसी कारण जदयू से राजद में आए थे। बड़े नेताओं को कहीं न कहीं से एडजस्ट कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि नवादा से दुष्कर्म के मामले में सजायाफ्ता राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को टिकट दिया गया है।
महागठबंधन में सीटों का बंटवारा शनिवार को हुआ था, आरजेडी के हिस्से में 144 सीटें और कांग्रेस को 70 सीटें मिली। भाकपा (माले) के हिस्से में 19 सीटें आई हैं, जबकि माकपा को 4 और भाकपा को 6 सीटें दी गई हैं। तेजस्वी ने कहा था कि आरजेडी के कोटे में से वीआईपी और जेएमएम को सीटें दी जाएंगी, जिसके विरोध में वीआईपी ने महागठबंधन का साथ छोड़ दिया था।
बिहार चुनाव के लिए कुछ उम्मीदवारों के नाम आज तय कर सकती है कांग्रेस
कांग्रेस बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने कुछ उम्मीदवारों के नाम सोमवार को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की डिजिटल तरीके से होने वाली बैठक में तय कर सकती है। बिहार पर कांग्रेस की स्क्रीनिंग समिति की बैठक यहां रविवार को हुई थी और समझा जाता है कि इसमें संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई।
सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाली केंद्रीय चुनाव समिति सोमवार को बैठक कर सकती है और स्क्रीनिंग समिति की सिफारिश के अनुसार कुछ उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम निर्णय ले सकती है।
झामुमो को विश्वास है कि राजद उसे बिहार में छोटे भाई का सम्मान देगा:विनोद पांडेय
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने महागठबंधन की सीटों के बंटवारे की घोषणा का स्वागत किया और कहा कि उसे विश्वास है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उसे बिहार में छोटे भाई का सम्मान देगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कहा कि झामुमो ने बिहार में राजद नीत महागठबंधन में शामिल होकर विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए लगभग डेढ़ दर्जन सीटों की मांग की थी और उसे विश्वास है कि राजद उसे बिहार में छोटे भाई का सम्मान अवश्य देगा।
विनोद पांडेय ने कहा, ‘‘झारखंड गठबंधन सरकार में राजद छोटे भाई की भूमिका में है और हमने उसे पूरा सम्मान दिया है। ठीक इसी प्रकार बिहार में हम छोटे भाई की भूमिका में हैं और हमें पूरा विश्वास है कि राजद हमें छोटे भाई का उचित सम्मान देगा।’’
उन्होंने बताया कि महागठबंधन के साथ मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महागठबंधन दलों से और विशेषकर राजद से बातचीत की थी। इससे पूर्व आज पटना में महागठबंधन ने अपने सहयोगी दलों में सीटों के बंटवारे की घोषणा कर दी।