जोजिला सुरंग के पास हिमस्खलन में दो की मौत, शव बरामद
By सुरेश एस डुग्गर | Published: January 12, 2023 05:14 PM2023-01-12T17:14:35+5:302023-01-12T18:53:57+5:30
मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर हरपाल सिंह ने बताया कि पता लगाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है कि कोई और मजदूर बर्फ के नीचे फंसा है या नहीं।

(प्रतीकात्मक तस्वीर)
जम्मू: जोजिला सुरंग के इलाके में निलग्रथ के करीब सरबल क्षेत्र के पास हिमस्खलन हुआ है जिसमें दो श्रमिकों की मौत हो गई। दोनों शव बरामद कर लिया गया है। हिमस्खलन वहां हुआ है जहां जहां हैदराबाद स्थित मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमईआईएल) जोजिला सुरंग पर काम कर रही है।
इस क्षेत्र में गुरुवार सुबह 10 बजे हिमस्खलन आया। मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर हरपाल सिंह ने बताया कि यह पता लगाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है कि कोई और मजदूर बर्फ के नीचे फंसा है या नहीं। सिंह ने पुष्टि की कि बर्फ के नीचे दबे एक मजदूर को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया था जिसने बाद में दम तोड़ दिया।
इस मजदूर को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोनमर्ग भेजा गया था। इस बीच एडीडीसी गांदरबल ने बताया कि कम से कम एक और हताहत हो सकता है। उन्होंने कहा, "हां, मोबाइल ट्रैकर सिस्टम द्वारा सुझाए गए अनुसार एक और व्यक्ति शायद लापता है।"
उन्होंने कहा, "हमने चीजों को नियंत्रण में रखने के लिए बचाव अभियान तेज कर दिया है।" सीएमओ गांदरबल डॉ. अफरोजा ने बताया कि किसी भी घायल व्यक्ति को चिकित्सा की आवश्यकता होने पर क्षेत्र में मेडिकल टीमों को तैयार रखा गया है। उल्लेखनीय है कि आज गांदरबल के हांग और सरबल इलाकों में दो हिमस्खलन की सूचना मिली थी।