राजस्थान में खादी उत्पादों पर 50% छूट
By भाषा | Published: October 2, 2021 06:31 PM2021-10-02T18:31:32+5:302021-10-02T18:31:32+5:30
जयपुर, दो अक्टूबर राजस्थान में राजधानी समेत पूरे प्रदेश में खादी उत्पादों पर 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। शनिवार को गांधी जयंती के अवसर पर शुरू हुई यह छूट इस साल के आखिर तक रहेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ' गांधी जयंती के अवसर पर आज से राज्य के सभी खादी संस्थानों में खादी उत्पादों पर 31 दिसम्बर तक 50% की छूट दी जाएगी।'
उन्होंने कहा कि इसमें 35% छूट राज्य सरकार की ओर से और 15% छूट केन्द्र सरकार की ओर से दी जाएगी।
गहलोत ने गांधी जयंती पर सचिवालय एवं गांधी सर्किल पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में सर्वधर्म प्रार्थना सभा तथा पुष्पांजलि कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।