नई दिल्ली: 'बैलेन डी ऑर' अवॉर्ड जीतने वाली पहली महिला फुटबॉलर बनीं ऐडा हेगरबर्ग से कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर 'ट्वर्क' (एक प्रकार का कामुक डांस) करने के अनुरोध को लेकर आलोचना में घिरने के बाद फ्रांस के टीवी प्रेजेंटर और डीजे मार्टिन सोल्विग ने माफी मांग ली है। ऐडा नॉर्वे की फुटबॉलर हैं। साल 1956 से शुरू हुए 'बैलन डी ऑर' अवॉर्ड इससे पहले केवल पुरुष फुटबॉल खिलाड़ियों को ही दिया जाता रहा है।
पेरिस में सोमवार को हुए कार्यक्रम में ऐडा को 'बैलन डी ऑर' अवॉर्ड देने के बाद प्रेजेंटर मार्टिन ने उनसे 'ट्वर्क' डांस के लिए पूछा जिस पर महिला फुटबॉलर ने 'सख्ती' से न कह दिया। हालांकि, कार्यक्रम के बाद इस घटना को लेकर विवाद शुरू हो गया। कई हस्तियों और फैंस ने मार्टिन के सवाल को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया है।
मार्टिन एक संगीतकार और रेडियो होस्ट हैं। सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद उन्होंने वीडियो जारी कर अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी है। मार्टिन ने अपने माफीनामे वाले वीडियो में कहा है कि वे किसी को दुख नहीं पहुंचाना चाहते थे और ये केवल एक मजाक था और शायद बुरा मजाक था।
ब्रिटेन के स्टार टेनिस एंडी मरे ने भी मार्टिन के व्यवहार पर नाराजगी जताई थी। मरे ने इंस्टाग्राम पर अपने पोस्ट में लिखा कि यह दिखाता है कि खेल में अभी लैंगिक भेदभाव मौजूद है। मरे ने साथ ही लिखा, 'महिलाओं को हमेशा इस तरह पेश करने की जरूरत क्यों है। अगर लुका मोड्रिच और एम्बापे होते तो वे कैसे सवाल करते। मुझे लगता है कि वे फुटबॉल से जुड़ी कोई बात पूछते। जो यह समझ रहे हैं कि ये एक मजाक था तो साफ है कि बिल्कुल नहीं, ये मजाक नहीं था।'
बताते चलें कि ऐडा 23 साल की हैं और उन्हें इससे पहले 2016 में यूईएफए विमेंस प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया था। उनके खाते में फ्रेंच लीग खिताब, कप डे फ्रांस और तीन चैम्पियंस लीग खिताब हैं।