अमेरिका: ट्रिपल-मर्डर के आरोपी ने हत्या के बाद इंसान के 'दिल' को आलू के साथ 'पकाया', जानें पूरा मामला
By अनुराग आनंद | Published: February 25, 2021 11:07 AM2021-02-25T11:07:11+5:302021-02-25T14:41:48+5:30
आरोपी शख्स लॉरेंस पॉल एंडरसन ने कथित तौर पर एक पड़ोसी महिला की हत्या करने के बाद उसके शरीर से दिल निकाल लिया और फिर उसे आलू के साथ पकाया था।
नई दिल्ली: अमेरिकी मीडिया ने बुधवार को बताया कि अमेरिका के ओक्लाहोमा राज्य में ट्रिपल-मर्डर के एक आरोपी ने मानवता को शर्मशार करने वाला काम किया है। आरोपी ने न सिर्फ जघन्य तरह से एक हत्या की घटना को अंजाम दिया बल्कि हत्या के बाद मृत महिला के शरीर से उसका दिल निकाल लिया।
इंडिया टुडे के मुताबिक, शख्स ने मृतक के शरीर से दिल निकालने के बाद उसे आलू के साथ पकाया और फिर अन्य दो लोगों की हत्या करने से पहले खाने के लिए उनके सामने परोस दिया।
महिला की हत्या के बाद आरोपी उसका कलेजा को लेकर चाचा के घर पर आया-
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कथित तौर पर अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला की हत्या करने के बाद आरोपी उसके कलेजा को लेकर अपने चाचा के घर पर आया। यहां शख्स ने पहले मानव अंग को आलू के साथ पकाया और फिर उसे अपने चाचा और उसकी पत्नी के आगे खाने के लिए परोस दिया।
कथित रूप से अपने चाचा और उसकी चार साल की पोती की हत्या कर दी-
आरोपी एंडरसन ने कथित रूप से अपने चाचा और उसकी चार साल की पोती की हत्या कर दी और उनकी पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया। 9 फरवरी की इस घटना में शख्स ने अपने चाचा की पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आरोपी ने अदालत में अपराध स्वीकार की है-
अदालत में पेशी के दौरान कथित तौर पर आरोपी शख्स ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मिल रही जानकारी के मुताबिक, एंडरसन का इतिहास अपराधों का रहा है। करीब हफ्ते भर पहले ही आरोपी को एक मामले में जेल से छोड़ा गया था, फिर उसने इस घटना को अंजाम दिया।