Siwani Crime News: कुएं में डूबने से 50 वर्षीय पिता, 11 साल की बेटी और किशोर बेटे की मौत, सिवनी में बड़ा हादसा, सीएम चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर दुख जताया
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: December 6, 2023 01:52 PM2023-12-06T13:52:00+5:302023-12-06T13:53:33+5:30
Siwani Crime News: सिवनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश कुमार सिंह ने कहा कि पीड़ित सुभाष साहू (50) अपने खेत में फसलों पर कीटनाशक छिड़कने गए थे, तब यह घटना घटी।
Siwani Crime News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के एक गांव में एक व्यक्ति, उसकी 11 वर्षीय बेटी और एक किशोर बेटे की कुएं में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को धूमा पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित धपाराहार गांव में हुई।
सिवनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश कुमार सिंह ने कहा कि पीड़ित सुभाष साहू (50) अपने खेत में फसलों पर कीटनाशक छिड़कने गए थे, तब यह घटना घटी। उन्होंने कहा, ‘‘ साहू का बेटा अर्पित कीटनाशक मिलाने के लिए बाल्टी की मदद से कुएं से पानी निकाल रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया।
यह देखकर साहू उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया। जब वे दोनों डूबने लगे तो साहू की बेटी अर्पिता भी उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद पड़ी।’’ सिंह ने कहा कि जल्द ही, अच्छेलाल नामक एक व्यक्ति भी तीनों को बचाने के लिए कुएं में कूद गया। मौके पर लोग एकत्र हो गए और अच्छेलाल को जैसे-तैसे बचाया गया।
हालांकि, साहू और उनके दो बच्चों को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को बाहर निकाला। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट में मृतक के स्वजन को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की बात कही है।