शादी नहीं हो रही, पोस्टर लगाकर पुलिस अधिकारी बताया?, 26 वर्षीय ऋषिकेश राजू जाधव अरेस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 22, 2026 22:05 IST2026-04-22T22:04:23+5:302026-04-22T22:05:15+5:30
जांच करने पर पता चला कि उसका पुलिस बल में चयन नहीं हुआ था, बल्कि उसने झूठा दावा करके दूसरों को धोखा दिया था।

photo-lokmat
पुणे: महाराष्ट्र के पुणे शहर में जगह-जगह पोस्टर लगाकर खुद को पुलिस अधिकारी बताया, ताकि उसे शादी के प्रस्ताव मिलें। असल में वह सब्जी विक्रेता था। झूठे प्रचार का उस पर उल्टा असर हुआ, क्योंकि अब उस पर सरकारी कर्मचारी होने का ढोंग करने का पुलिस केस दर्ज हो गया है।
पुणे के नरहे रोड निवासी 26 वर्षीय ऋषिकेश राजू जाधव ने न सिर्फ शहर भर में पोस्टर और फ्लेक्स बैनर लगाए, बल्कि पुलिस की वर्दी में अपनी तस्वीरें भी खींचीं और उन्हें अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर पोस्ट किया, ये सब उसने युवतियों और उनके परिवारों को प्रभावित करने के लिए किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अविवाहित होने की निराशा के कारण यह रास्ता चुना। पुलिस अधिकारी संभाजी कदम ने बताया, "कारण पूछे जाने पर उसने कहा कि उसकी शादी नहीं हो पा रही है। नौकरी होने का दिखावा करने के लिए उसने यह झूठ गढ़ा। इसलिए पुलिस ने कार्रवाई की है।" अधिकारी ने आगे बताया कि उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अवैध बैनरों के खिलाफ चलाए गए अभियान में उस व्यक्ति का झूठ पकड़ा गया। अधिकारी ने बताया, "हमें अवैध बैनरों और पोस्टरों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान इसकी जानकारी मिली। जांच करने पर पता चला कि उसका पुलिस बल में चयन नहीं हुआ था, बल्कि उसने झूठा दावा करके दूसरों को धोखा दिया था।"