सेक्स करने में मजा नहीं आता?, यौन शक्ति बढ़ाने वाली दवा के अधिक सेवन करने से रोहित लाल की मौत, अपनी मंगेतर को मिलने के लिए बुलाया था?
By सतीश कुमार सिंह | Updated: April 25, 2026 09:18 IST2026-04-25T09:16:24+5:302026-04-25T09:18:37+5:30
पुलिस के अनुसार, मृतक रोहित लाल नागपुर का रहने वाला था और नई दिल्ली स्थित क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के कार्यालय में काम करता था।

सांकेतिक फोटो
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम का मामला है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि सेक्टर 53 इलाके में किराए के पीजी फ्लैट में रहने वाले 29 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर यौन शक्ति बढ़ाने वाली दवा के अधिक सेवन से मौत हो गई। पुलिस ने कमरे से कुछ दवाओं और स्वास्थ्य पूरक पदार्थों के रैपर बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक रोहित लाल नागपुर का रहने वाला था और नई दिल्ली स्थित क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के कार्यालय में काम करता था। वह गुरुग्राम में किराए के फ्लैट में रहता था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया।
घटना का पता गुरुवार सुबह तब चला जब लाल के एक सहकर्मी ने पुलिस को सूचना दी। सहकर्मी के अनुसार, वे दोनों अक्सर साथ में कार्यालय जाते थे, लेकिन उस दिन लाल न तो अपना फोन उठा रहा था और न ही अपने कमरे का दरवाजा खोल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई, जहां उन्हें युवक बिस्तर पर मृत पड़ा मिला।
पुलिस ने बताया कि कमरे से कुछ दवाओं और स्वास्थ्यवर्धक सप्लीमेंट्स के रैपर भी बरामद हुए हैं। एक वरिष्ठ जांच अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लाल ने अपनी मंगेतर को मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस को संदेह है कि उसने यौन शक्ति बढ़ाने वाली दवा ली थी।
जिसकी अधिक मात्रा लेने से संभवतः उसे दिल का दौरा पड़ा। सेक्टर 53 के एसएचओ सतेंद्र रावल ने कहा, "हमने आंतरिक अंगों और बरामद दवाओं को जांच के लिए एफएसएल (FSL) भेज दिया है। आंतरिक अंगों की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।"