मुंबई: कलयुगी पिता नाबालिग बेटी के साथ करता रहा 2 सालों तक दुष्कर्म, जानिए कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: November 6, 2023 10:55 AM2023-11-06T10:55:01+5:302023-11-06T10:58:45+5:30
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक पिता द्वारा रिश्ते को कलंकित करने का वारदात को अंजाम दिया गया है।
मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक पिता द्वारा रिश्ते को कलंकित करने का वारदात को अंजाम दिया गया है। खबरों के मुताबिक मुंबई के पूर्वी उपनगर गोवंडी में पुलिस ने अपनी ही 13 साल की नाबालिग बेटी के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने और उसे जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में मुंबई पुलिस ने बताया कि नाबालिग पीड़िता की मां ने अपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई कि वो अपनी ही बेटी के साथ बीते 2 सालों से जबरिया कुकर्म कर रहा है और विरोध करने पर मां-बेटी को जान से मारने की धमकी देता है।
मामले में शिवाजी नगर पुलिस ने कहा कि 38 साल के आरोपी पिता को भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 367 (2) (एन), 506 (2) और यौन अपराधों से बच्चों की रोकथाम अधिनियम (POCSO) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
मुंबई पुलिस ने कहा, "पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे पूछताछ के लिए 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।"
शिवाजी नगर पुलिस के मुताबिक, "आरोपी पिता ने पिछले दो साल में कई बार अपनी नाबालिग बेटी से कथित तौर पर बलात्कार किया है। मामला तब सामने आया जब पीड़िता की मां ने उसे रोते हुए देखा और उससे इसके बारे में पूछताछ की लेकिन वह पिता के खौफ से चुप रही।"
पुलिस ने कहा, "आरोपी ने वारदात के खुलासे के बाद मां-बेटी को धमकी दी कि वो इस घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताएं नहीं तो वो दोनों को जान से मार देगा।"
मुंबई पुलिस ने कहा, "पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि आरोपी ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया और उसे अलग-अलग जगहों पर ले गया।"
पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी होने के बाद पीड़िता की मां ने फौरन निकटतम पुलिस स्टेशन में घटना की सूचना दी और मामला दर्ज किया गया। जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।