छोटीसादड़ीः विवाहिता से छेड़छाड़, हेड कांस्टेबल की धुनाई, वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने किया सस्पेंड
By मुकेश मिश्रा | Published: October 9, 2021 03:59 PM2021-10-09T15:59:26+5:302021-10-09T16:00:20+5:30
मध्य प्रदेश में मंदसौर जिले के छोटीसादड़ी का मामला है। एसपी आदर्श सिधु ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। हेड कांस्टेबल ने भी कुछ लोगों के विरुद्ध मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है।
छोटीसादड़ीःमध्य प्रदेश में मंदसौर जिले के छोटीसादड़ी में हेड कांस्टेबल को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। विवाहिता के साथ छेड़खानी करने का आरोप में शुक्रवार सुबह लोगों ने पकड़ लिया। मारपीट का वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया।
वही, मामले में एसपी आदर्श सिधु ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। हेड कांस्टेबल ने भी कुछ लोगों के विरुद्ध मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है। विवाहिता ने परिजनों के साथ मौजूद रह कर पुलिस थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रामराज गुर्जर के विरुद्ध छेड़छाड़ करने की छोटीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पुलिस थाने में दी रिपोर्ट में विवाहिता ने बताया कि वह प्रतिदिन मजदूरी करने जाती है। तीन-चार दिन से एक व्यक्ति उसका पीछा करता है और उसके साथ गलत इरादे से छेड़खानी करता है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे वह मजदूरी के लिए खेत पर जा रही थी। इसी दौरान वह निम्बाहेड़ा रोड़ स्थित 132 केवी प्रसारण केंद्र के पीछे रास्ते पर अकेली गुजर रही थी
। उसी से कुछ ही दूरी पर उसके सास भी चल रही थी। पीछे से बाइक लेकर आरोपित रामराज गुर्जर आया। आरोपित ने बाइक रोक कर पीड़िता का हाथ पकड़ कर जबरन बाइक पर बिठाने लगा और घुंघट नीचे गिरा दिया।
चिल्लाने पर आस-पास कार्य कर रहे लोग दौड़ कर आये आरोपित को पकड़ लिया और उसको विवाहिता के साथ लज्जा भंग करने और छेड़खानी करने का सबक भी सिखा कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो बाद में पता चला कि आरोपित पुलिस थाने का हैड कांस्टेबल था, जो विवाहिता के साथ छेड़खानी कर रहा था। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर जांच शुरू कर रही है।
धुनाई का वीडियो वायरल
जानकारी में सामने आया कि विवाहिता के साथ छेड़खानी करने के आरोप में पुलिसकर्मी को लोगों ने पकड़ लिया। लोगों उसकी जम कर पिटाई की और वीडियो बना कर वायरल कर दिया। निम्बाहेड़ा रोड स्थित जीएसएस के पास महिला के साथ छेड़छाड़ करते लोगों ने हेड कांस्टेबल को मौके पर ही पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
बाद में पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची और हेड कांस्टेबल को छुड़वा कर थाने ले गई। पिटाई का मामला शुक्रवार सुबह का बताया जा रहा है, जिसमें कई लोग पुलिसकर्मी के साथ से मारपीट कर रहे हैं। मारपीट करते हुए वीडियो बना रहे लोग पुलिसकर्मी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप भी लगा रहे हैं।
पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हेड कांस्टेबल ने भी कुछ लोगों के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है। आदर्श सिधु, एसपी प्रतापगढ़