मां कर रही थी छठ पूजा, बेटे ने जला दिया जिन्दा, खुद भी आग में झुलसा
By एस पी सिन्हा | Published: October 31, 2022 04:45 PM2022-10-31T16:45:43+5:302022-10-31T16:50:30+5:30
बिहार के हाजीपुर स्थित सदर थाना क्षेत्र आशीष चौक के पास छठ के मौके पर व्रत रखने वाली एक मां को उसके ही बेटे ने ही आग में झोंककर जिन्दा डाला। आगजनी की इस घटना में मृतका का आरोपी बेटा भी घायल हो गया है।
पटना: छठ पर्व के मौके पर बिहार के वैशाली जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। जानकारी के मुताबिक रविवार की रात हाजीपुर के सदर थाना क्षेत्र आशीष चौक के पास छठ के मौके पर व्रत रखने वाली मां को बेटे ने ही जिन्दा जलाकर मार डाला।
आगजनी की इस घटना में मां को आग में झोंकने वाला कलयुगी बेटा भी बुरी तरह से झुलस गया है। इस दिल दहला देने वाली घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने महिला रंजू देवी को मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में हाजीपुर सदर थाना की पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार की रात करीब 10 बजे उन्हें घटना के बारे में स्थानीय लोगों द्वारा सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बेहोशी की हालत में पड़े बेटे और आग में गंभीर रूप से झुलस चुकी रंजू देवी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रंजू देवी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं आरोपी बेटे का इलाज पुलिस की निगरानी में सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतका की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की हालत में सुधार होने पर उससे पूछताछ की जाएगी। मृतका रंजू देवी समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर के रहनी वाली थी। उसके पति शंभू पोद्दार का निधन बहुत सालों पहले हो गया था। पति के निधन के बाद से मां-बेटा रामाशीष चौक के निकट किराय के मकान में रहा करते थे।
आसपास में रहने वाले लोगों ने बताया जाता है कि दोनों मां-बेटे के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर कहासुनी होती ही रहती थी। मृतका रंजू देवी का आरोपी बेटा रोहित कुमार बेहद गुस्से वाला था। रविवार रात में भी मां-बेटे के बीच बहस हुई और उसी दौरान गुस्से में आकर रोहित ने मां रंजू देवी को आग के हवाले कर दिया, जो उस समय छठ पूजा कर रही थी।
आग में झुलसने की वजह से रोहित की मां रंजू की तो मौके पर ही मौत हो गई लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में खुद रोहित भी आग की लपटों में झुलस गया। जैसे ही दिल दहला देने वाली इस घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली, पूरे इलाके के लोग स्तब्ध रह गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया है कि रविवार कि देर रात घर से शोरगुल कि आवाजें आ रही थीं। पूर्व में भी कई बार आपसी विवाद होता रहता था, लेकिन विवाद शांत हो जाता था। इस बार विवाद गंभीर हो गया। विवाद के थोड़ी देर बाद घर में आग की लपटें उठने लगीं और मदद की चीख पुकार सुनाई दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे स्थानीयों ने मृतकों को आग से बचाया लेकिन महिला की हालत गंभीर हो चुकी थी।