मुंबई, 02 जुलाईः भारतीय क्रिकेटर रहे विनोद कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया के खिलाफ सिंगर अंकित तिवारी के पिता राजेंद्र कुमार तिवारी ने रविवार को मारपीट व बदसलूकी का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। इधर, विनोद कांबली का कहना है कि वह भी क्रॉस प्राथमिकी दर्ज करवाएंगे।
पीड़ित राजेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार, मुंबई के एक मॉल में रविवार को उनका हाथ कथित तौर पर कांबली की पत्नी एंड्रिया के हाथ से छू गया। इस बात को लेकर विनोद कांबली को गुस्सा आ गया और उन्होंने घूंसा मार दिया।
खबरों के अनुसार, पीड़ित के परिजनों का कहना है कि वीकएंड होने की वजह से रविवार को मॉल में ज्यादा भीड़ थी और इसी वजह से उनका हाथ छू गया और राजेंद्र को पता भी नहीं चला। इस समय वह फूड कोर्ट से वापस लौट रहे थे। हालांकि इस मामले में विनोद कांबली को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने न केवल मारपीट की बल्कि जमकर गालियां भी दीं।
इधर पुलिस ने आईपीसी की धारा 504 (शांति भंग करने के लिए जानबूझकर किसी का अपमान करना) और धारा 323 (हिंसक रूप से किसी को दंडित करके नुकसान पहुंचाना) में केस दर्ज किया है। वहीं, कांबली का कहना है कि उनकी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार किया गया है और वह क्रॉस केस दर्ज करवाएंगे।
आपको बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब विनोद कांबली और उनकी पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले भी 2015 में नौकरानी ने मारपीट का केस दर्ज करावाया था। उसका आरोप लगाया था कि जब उसने विनोद कांबली और एंड्रिया से अपनी सैलरी मांगी तो उन्होंने न केवल उसके साथ जमकर मारपीट की बल्कि उसे तीन दिनों तक एक कमरे करके रखा गया। लोकमत न्यूज के लेटेस्ट यूट्यूब वीडियो और स्पेशल पैकेज के लिए यहाँ क्लिक कर सब्सक्राइब करें!