लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर कपिल शर्मा? कनाडा में कैफे के पास फिर हुई फायरिंग, मिली जान से मारने की धमकी !
By अंजली चौहान | Updated: May 3, 2026 14:16 IST2026-05-03T14:14:20+5:302026-05-03T14:16:18+5:30
Kapil Sharma Canada Cafe Firing: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में मशहूर भारतीय कॉमेडियन कपिल शर्मा के 'कैप्स कैफे' के पास एक रेस्तरां में गोलीबारी की घटना घटी।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर कपिल शर्मा? कनाडा में कैफे के पास फिर हुई फायरिंग, मिली जान से मारने की धमकी !
Kapil Sharma Canada Cafe Firing: मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। इस बार उनके फैंस उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कनाडा के सरे (ब्रिटिश कोलंबिया) में कपिल शर्मा के कैफे Kap’s Cafe के पास एक बार फिर गोलीबारी की घटना हुई है। इस घटना का संबंध कथित तौर पर कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़ा जा रहा है।
कपिल शर्मा के 'कैप्स कैफे' के पास चौथी बार चलीं गोलियां, बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, कॉमेडियन को दी धमकी https://t.co/sjzHN7IXlT via @NavbharatTimes#kapilsharma
— NBT Entertainment (@NBTEnt) May 3, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ धमकी भरा पोस्ट
सोशल मीडिया पर 'टाइसन बिश्नोई जोरा सिद्धू' नाम के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में दावा किया गया है कि कपिल शर्मा के कैफे के पास स्थित एक रेस्टोरेंट (चाय सुट्टा बार के पास) पर गोलियां चलाई गई हैं।
गैंग की ओर से दी गई इस कथित धमकी में कहा गया है कि कपिल शर्मा उनका समय बर्बाद कर रहे हैं और उन्हें 'सुधर जाने' की चेतावनी दी गई है। पोस्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि यदि वे बात नहीं मानते, तो उनके कैफे का अंजाम भी बुरा हो सकता है। हालांकि, इन सोशल मीडिया दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
निशाने पर कपिल: क्या सलमान खान से दोस्ती बनी वजह?
लॉरेंस बिश्नोई गैंग और सलमान खान के बीच की दुश्मनी जगजाहिर है। खबरों के मुताबिक, गैंग कपिल शर्मा से इसलिए नाराज है क्योंकि उन्होंने अपने शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के लॉन्च पर सलमान खान को आमंत्रित किया था। गैंग के सदस्यों ने पहले भी चेतावनी दी थी कि जो कोई भी सलमान खान के साथ काम करेगा या उनसे संबंध रखेगा, उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
2025 से जारी है हमलों का सिलसिला
कपिल शर्मा के इस कैफे को निशाना बनाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। साल 2025 में ही तीन बार इसे निशाना बनाया जा चुका है:
10 जुलाई 2025: कैफे खुलने के कुछ ही दिनों बाद पहली बार फायरिंग हुई।
7 अगस्त 2025: एक बार फिर परिसर पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं।
15-16 अक्टूबर 2025: चार महीने के भीतर तीसरी बार हमला हुआ, जिसकी जिम्मेदारी बिश्नोई नेटवर्क से जुड़े लोगों ने ली थी।
कपिल शर्मा की प्रतिक्रिया
अपनी फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' के ट्रेलर लॉन्च के दौरान कपिल ने इन घटनाओं पर दुख और चिंता जताई थी। उन्होंने कनाडा की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा था, "मुझे ऐसा लगता है कि वहां के नियम और पुलिस के पास शायद ऐसी घटनाओं को नियंत्रित करने की शक्ति नहीं है।"