Gaya Rape Case: ट्रेन की चैन खींच, जबरन युवती को उतारा नीचे; जबरन किया गैंग रेप
By एस पी सिन्हा | Updated: May 3, 2026 15:16 IST2026-05-03T14:49:12+5:302026-05-03T15:16:39+5:30
Gaya Rape Case: पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत इकट्ठा किए गए हैं।

Gaya Rape Case: ट्रेन की चैन खींच, जबरन युवती को उतारा नीचे; जबरन किया गैंग रेप
Gaya Rape Case: बिहार के गया-पटना रेलखंड से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई, जिससे रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। दरअसल, गयाजी जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में बेला और चाकन्द स्टेशन के बीच शुक्रवार की शाम एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़िता जहानाबाद जिले की रहने वाली है, जो ट्रेन से अपने ननिहाल बेलागंज के नेउरी बाजार जा रही थी। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने ट्रेन की चैन पुलिंग कर उसे जबरन नीचे उतार लिया।
इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, चार युवकों ने उसे अपने कब्जे में लेकर पास के एक सुनसान इलाके की ओर ले गए। वहां अंधेरे और एकांत का फायदा उठाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद किसी तरह पीड़िता वहां से बाहर निकली और मामले की जानकारी सामने आई। जैसे ही घटना की सूचना पुलिस को मिली, पूरे महकमे में हड़कंप मच गया।
बेलागंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर 10 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शनिवार को पीड़िता के आवेदन के आधार पर बेलागंज थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत इकट्ठा किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि घटना सुनसान इलाके में अंधेरे का फायदा उठाकर की गई। डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है और दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।